रांची में छात्र आंदोलन को लेकर अलर्ट, CM आवास के चारों ओर बैरिकेडिंग, 100 से अधिक जवान तैनात
Ranchi: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्रों के जुटने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास समेत शहर के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है।
मुख्यमंत्री आवास के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है और 100 से अधिक अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से एहतियात के तौर पर प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
CM आवास की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। प्रदर्शनकारियों को CM आवास की ओर जाने से रोकने के लिए कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
मोरहाबादी से सूचना भवन की ओर जाने वाले मार्ग को भी डायवर्ट किया गया है। अचानक ट्रैफिक रूट में बदलाव के कारण कचहरी चौक समेत आसपास के कई इलाकों में जाम की स्थिति देखने को मिली। इससे दफ्तर, स्कूल और कॉलेज जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जुटे छात्र
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्र लगातार जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार को भी स्टेडियम परिसर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।
छात्र परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल
छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रांची पुलिस ने शहर के संवेदनशील चौराहों और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है। पुलिस की ओर से सादे कपड़ों में भी कर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर नजर रखी जा सके।
प्रशासन की ओर से ड्रोन कैमरों के जरिए भी इलाके की निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने छात्रों से की शांति बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन ने आंदोलन कर रहे छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की है। साथ ही आम लोगों से भी प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
फिलहाल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
