रांची: झारखंड सरकार की मंत्री श्रीमती Dipika Pandey की पुत्री तृषा सिंह के असामयिक निधन से राज्य के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरा शोक छा गया है।
आज शब्द नहीं हैं मेरे पास। दीपिका जी, रत्नेश जी और परिवार ने हंसती खेलती मासूम ज़िन्दगी को खोया है।
मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह असहनीय पीड़ा सहन करने की शक्ति दे।
अंतिम जोहार तृषा… pic.twitter.com/SbkHT5qRGE
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) September 24, 2026
गुरुवार, 24 सितंबर को मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन स्मार्ट सिटी, रांची स्थित मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर पहुंचे और दिवंगत तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
Dipika Pandey Daughters Death: परिजनों से मुलाकात और ढांढ़स
अत्यंत गमगीन माहौल के बीच मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह व उनके स्वजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं। परिजनों को ढांढ़स बंधाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक संतान को खोने की पीड़ा किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय और शब्दों से परे होती है। उन्होंने कहा कि पूरा राज्य इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और इस असीम दुःख को सहने के लिए शोकाकुल परिवार को धैर्य, साहस और संबल प्रदान करें।
कल्पना सोरेन ने भी दी भावपूर्ण विदाई
गांडेय विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी मंत्री के आवास पहुंचकर तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शोकाकुल मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके पारिवारिक सदस्यों को सांत्वना दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
वरिष्ठ राजनेता और शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद
इस दुखद अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल के कई मंत्री, राज्यसभा सांसद, विभिन्न क्षेत्रों के विधायक, राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, पुलिस व प्रशासनिक सेवा के कई शीर्ष अधिकारी और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत तृषा सिंह को नमन करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
