रांची में कोचिंग संस्थानों पर नगर निगम का शिकंजा, जांच में कई गड़बड़ियां उजागर
रांची। शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों और शैक्षणिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए रांची नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निवेशक शाखा की टीम ने हिनू स्थित इंदिरा पैलेस और साउथ ऑफिस पाड़ा इलाके के कई कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगह सुरक्षा मानकों और भवन उपयोग से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं।
बायोम इंस्टीट्यूट में मिली गंभीर अनियमितता
नगर निगम की टीम ने गोल इंस्टीट्यूट, फिजिक्सवाला ट्यूशन सेंटर, बायोम इंस्टीट्यूट, ब्रदर्स एकेडमी और फिटजी इंस्टीट्यूट का निरीक्षण किया। इस दौरान भवन की स्वीकृति, शैक्षणिक उपयोग की अनुमति, फायर सेफ्टी, बिजली सुरक्षा, वेंटिलेशन, प्रवेश और निकासी मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा सीसीटीवी सिस्टम की जांच की गई।
जांच में बायोम इंस्टीट्यूट के भवन में गंभीर गड़बड़ी पाई गई। टीम को जी+3 भवन की छत पर जीआई शीट से बनी एक अवैध लाइब्रेरी संचालित होती मिली। नगर निगम ने इसे गंभीर मामला मानते हुए संस्थान संचालक को भवन का स्वीकृत नक्शा और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फायर सेफ्टी में भी मिली कमी
निरीक्षण के दौरान कुछ कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। नगर निगम की टीम ने संबंधित संस्थानों को जल्द से जल्द फायर एनओसी प्राप्त करने और सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों और शैक्षणिक परिसरों में भी आने वाले दिनों में इसी तरह का निरीक्षण अभियान जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो।
