मेदिनीनगर : पलामू और आसपास के जिलों के रेल यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने धनबाद मंडल के सीपीडीआर–बरवाडीह–महुआमिलान रेलखंड में तीसरी अप लाइन के कमीशनिंग कार्य को लेकर 23 जून से 27 जून 2026 तक नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किए जाने की घोषणा की है। इस कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। रेलवे के अनुसार, प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य 17 जून से 22 जून तक तथा नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य 23 जून से 27 जून तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान सबसे अधिक प्रभाव दैनिक रेल यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे ने ट्रेन संख्या 18635 रांची–सासाराम एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 18636 सासाराम–रांची एक्सप्रेस को 23, 24, 25, 26 और 27 जून 2026 तक रद्द करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पलामू, गढ़वा और रोहतास जिले के हजारों यात्रियों के लिए प्रमुख संपर्क साधन मानी जाती है। इसके अलावा बरकाकाना–डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह–चोपन, गोमो–बरवाडीह तथा डेहरी ऑन सोन–बरवाडीह समेत कई पैसेंजर और मेमू ट्रेनों का परिचालन भी निर्धारित तिथियों में रद्द रहेगा। वहीं, हटिया–नई दिल्ली, रांची–नई दिल्ली, आनंद विहार–हटिया, हावड़ा–जबलपुर, टाटा–जम्मूतवी और धनबाद–भोपाल सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने 23 जून से 27 जून तक बरवाडीह स्टेशन पर कुछ ट्रेनों के अस्थायी ठहराव को भी वापस लेने का निर्णय लिया है। इस अवधि में यात्रियों को डाल्टनगंज अथवा महुआमिलान स्टेशन का उपयोग करने की सलाह दी गई है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले वे अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, National Train Enquiry System (एनटीईएस ऐप), हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा संबंधित स्टेशन से अवश्य प्राप्त कर लें। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना पट, एसएमएस तथा इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
