नीतीश कुमार के आवास पर RCP सिंह के समर्थकों का हंगामा, JDU में वापसी की अटकलें फिर तेज

जदयू में वापसी की अटकलों के बीच बिहार की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई।

नीतीश कुमार के आवास पर RCP सिंह के समर्थकों का हंगामा, मुलाकात को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

Patna: बिहार की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह (RCP Singh) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने उनके सरकारी आवास पहुंचे। आरसीपी सिंह के साथ पहुंचे समर्थकों ने मुलाकात में कथित देरी और रोक लगाए जाने का आरोप लगाते हुए आवास के बाहर हंगामा किया और जदयू के कुछ नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की।

समर्थकों का आरोप है कि आरसीपी सिंह को करीब 20 मिनट तक इंतजार कराया गया और उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया गया। उनका कहना था कि जदयू के एमएलसी संजय गांधी और ललन सराफ ने मुलाकात में बाधा डाली।

RCP सिंह बोले- कार्यकर्ताओं की भावनाएं थीं

घटना के बाद मीडिया से बातचीत में आरसीपी सिंह ने कहा कि उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात हुई और दोनों के बीच बातचीत भी हुई। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि दोनों नेता लंबे समय तक बैठकर चर्चा करें, लेकिन ऐसा नहीं हो सका, जिससे समर्थक नाराज हो गए।

उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार आज भी हमारे नेता हैं। उनके साथ मेरा वर्षों का संबंध रहा है।”

जदयू में संभावित वापसी के सवाल पर आरसीपी सिंह ने कहा, “इंतजार कीजिए, समय आने पर सब स्पष्ट हो जाएगा।”

जदयू ने साधा निशाना

जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने आरसीपी सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि जिन्होंने पार्टी छोड़कर कई राजनीतिक प्रयोग किए, आज उन्हें फिर पुराने नेतृत्व की याद आ रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियां सबको जवाब देती हैं।

वापसी की अटकलें फिर तेज

हाल के महीनों में आरसीपी सिंह की जदयू में वापसी को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। इससे पहले भी उन्होंने सार्वजनिक मंचों पर नीतीश कुमार को अपना नेता बताया था। हालांकि पार्टी नेतृत्व की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में आरसीपी सिंह ने जदयू छोड़ दिया था। इसके बाद वे भाजपा में शामिल हुए और बाद में अपनी अलग पार्टी बनाई, जिसका बाद में जन सुराज पार्टी में विलय हो गया। अब एक बार फिर उनकी जदयू में वापसी की अटकलों ने बिहार की राजनीति को गर्मा दिया है।

Exit mobile version