राज्य के वर्तमान की तस्वीर, भविष्य के लिए खतरनाक संकेत: Sudesh Mahto

लचर सिस्टम और कमजोर नेतृत्व के कारण राज्य में बिजली की स्थिति दयनीय

रांची। Sudesh Mahto: झारखंड के वर्तमान की जो तस्वीर है, वह भविष्य के लिए ख़तरनाक संकेत है। राज्य में चौतरफा अराजकता का माहौल है। जनादेश छला गया है।

अब चुप बैठने का समय नहीं है। धोखेबाज और निकम्मी हुकूमत की आंखों में आंखे डालकर हिसाब लेने का समय आ चुका है। झारखंड की बड़ी आबादी के हितों के लिए हमने वही सवाल उठाए हैं, जिन्हें पूरे करने के वादे पर वर्तमान हुकूमत राज कर रही है।

उक्त बातें झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने हरमू, रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान कही।

पढ़ाई-लिखाई, खेती-सिंचाई, व्यापार, इलाज सभी पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है: Sudesh Mahto

बिजली की चरमराई हालत पर उन्होंने कहा कि लचर सिस्टम और कमजोर नेतृत्व के कारण राज्य में यह स्थिति उत्पन्न हुई है। सरकार की अस्पष्ट कार्य योजना और तैयारियों के अभाव के कारण आम जनमानस को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। पढ़ाई-लिखाई, खेती-सिंचाई, व्यापार, इलाज सभी पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

सरकारी सिस्टम के तौर-तरीके तथा सरकार की नीतियों को गौर करें तो यह साफ-साफ दिखता है कि साढ़े तीन सालों में इन्होंने बिजली व्यवस्था सुधारने तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को लेकर कुछ भी नहीं किया। सभी सेक्टर में इनकी स्थिति लगभग यही है। सच तो ये है कि सरकार ने विकास के किसी भी मानक में कोई उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज नहीं की।

दशकों से विस्थापित लोग हक-हुकूक के लिए संघर्ष कर रहे हैं: Sudesh Mahto

आजसू परिवार में गिरिजा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक सह युवा नेता स्नेह नमन तथा टाटा वर्कर्स यूनियन, नोवामुंडी डिवीजन के महासचिव जी तुलास्यान रेड्डी का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि आज शैक्षणिक और श्रमिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के समागम से पार्टी को बल मिलेगा। आजसू पार्टी आम-आवाम के हितों की रक्षा के लिए हमेशा से संघर्षरत रही है। कहा कि राज्य में विस्थापन की समस्या बड़ी है। दशकों से विस्थापित लोग हक-हुकूक के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

आजसू पार्टी युवाओं की आवाज़ है: Sudesh Mahto

आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हए गिरिजा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक स्नेह नमन स्नेह नमन ने कहा आजसू पार्टी युवाओं की आवाज़ है। आज राज्य में युवाओं की स्थिति बदतर है। अगर युवा अपनी आवाज उठाते हैं, तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं, आंसू गैस के गोले दागे जाते हैं। कहा कि आजसू पार्टी की नीतियों तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुदेश कुमार महतो के शिक्षा, हरियाली और विकास के मंत्र से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी का दामन थामने का निर्णय लिया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

यह भी पढ़े: Jharkhand राज्य के 236 मोबाइल वेटनरी एम्बुलेंस के संचालन हेतु केंद्र सरकार जल्द से जल्द केंद्रांश निर्गत करे

Exit mobile version