JPSC-JSSC आंदोलन पर BJP का सरकार पर हमला, आदित्य साहू बोले- छात्रों पर कार्रवाई झारखंड के इतिहास का काला दिन
Ranchi: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन अब राजनीतिक टकराव का बड़ा मुद्दा बन गया है। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने छात्र आंदोलन और विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 20 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ सरकार ने बर्बरतापूर्ण और अमानवीय व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों को रोकने के लिए कंटीले तार लगाए गए, लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया।
‘छात्रों के साथ कार्रवाई झारखंड के इतिहास का काला दिन’
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों ने पूरे आंदोलन के दौरान अपनी मर्यादा बनाए रखी। इसके बावजूद उनके खिलाफ जिस तरह की कार्रवाई की गई, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान कई छात्रों के कपड़े तक फाड़े गए। आदित्य साहू ने कहा कि लाठी, वाटर कैनन और आंसू गैस के जरिए छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें पुलिस और प्रशासन के संयम की सराहना की गई थी। आदित्य साहू ने पूछा कि अगर छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ तो इसे पुलिस का अच्छा काम कैसे कहा जा सकता है।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान आदित्य साहू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के मुद्दे को लेकर राजनीति करते हैं, लेकिन झारखंड के छात्रों की आवाज उन्हें सुनाई नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार चल रही है। ऐसे में राहुल गांधी को छात्रों से बातचीत करने के बजाय राज्य सरकार पर दबाव बनाना चाहिए।
आदित्य साहू ने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में छात्रों के हित में हैं तो उन्हें झारखंड आकर आंदोलनकारी छात्रों के साथ बैठना चाहिए और मुख्यमंत्री से उनकी मांगों पर कार्रवाई की मांग करनी चाहिए।
‘कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस ले’
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार छात्रों की मांगों को स्वीकार नहीं करती है तो कांग्रेस को सरकार से समर्थन वापस लेकर छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने JPSC-JSSC मामले में छात्रों की प्रमुख मांग CBI जांच का समर्थन करते हुए कहा कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस पर हमला
आदित्य साहू ने राहुल गांधी पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दूसरे राज्यों में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर सवाल उठाते हैं और इस्तीफे की मांग करते हैं, लेकिन झारखंड में कथित परीक्षा अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री से जवाब मांगने से बच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को आंदोलन और अनशन कर रहे छात्रों से सीधे बातचीत करनी चाहिए।
‘आंदोलन अब पूरे देश का मुद्दा’
आदित्य साहू ने दावा किया कि JPSC-JSSC परीक्षा विवाद अब सिर्फ झारखंड के छात्रों तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के कई सांसदों ने भी झारखंड के छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी और NDA के सांसद छात्रों के साथ मजबूती से खड़े हैं और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलन का समर्थन करते रहेंगे।
झारखंड बंद को सफल बताया
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने झारखंड बंद को लेकर भी दावा किया कि पार्टी के आह्वान पर राज्य के विभिन्न हिस्सों में बंद को व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि कई जगह दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
आदित्य साहू ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहे।
