JPSC-JSSC विवाद पर झारखंड विधानसभा में हंगामा, BJP विधायक वेल में उतरे; 12 बजे तक सदन स्थगित
Ranchi: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन मंगलवार को JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा सदन के अंदर एक बार फिर गरमा गया। कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और विरोध करते हुए सदन के वेल में पहुंच गए। विपक्ष ने पूरे मामले की हाईकोर्ट की निगरानी में CBI जांच कराने की मांग की।
JPSC-JSSC मुद्दे पर BJP का जोरदार प्रदर्शन
मंगलवार सुबह करीब 11:07 बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर विरोध शुरू कर दिया। भाजपा विधायकों का आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
विपक्षी विधायकों ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान भाजपा विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के वेल में पहुंच गए।
स्पीकर ने विधायकों से सीट पर लौटने की अपील की
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने लगातार विपक्षी विधायकों से अपनी सीटों पर लौटने और प्रश्नकाल की कार्यवाही चलने देने की अपील की। स्पीकर ने कहा कि सभी सदस्य छात्रों के हितैषी हैं और सदन में छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है।
हालांकि, विपक्षी विधायकों का विरोध जारी रहा। हंगामा बढ़ता देख अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
प्रदीप यादव ने BJP पर किया पलटवार
हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने भाजपा पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सदन की कार्यवाही बाधित कर रही है और राज्य में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है।
प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और JPSC-JSSC से जुड़े मामलों की जांच CID द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों को भी विधानसभा से अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद है और सरकार पूरे घटनाक्रम को सदन में रखकर वस्तुस्थिति स्पष्ट करेगी।
विधानसभा घेराव का मुद्दा भी सदन में उठा
प्रदीप यादव ने सोमवार को हुए छात्र विधानसभा घेराव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने प्रदर्शनकारी छात्रों की वापसी के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की थी।
वहीं, JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार टकराव बना हुआ है। विपक्ष जहां CBI जांच की मांग पर अड़ा है, वहीं सरकार का कहना है कि मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
आगे भी हंगामे के आसार
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन और विधानसभा के भीतर राजनीतिक टकराव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में मानसून सत्र की आगामी कार्यवाही में भी इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस और हंगामे के आसार हैं।

