HeadlinesJharkhandStatesTrending

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: महिलाओं को करोड़ों की सहायता, 682 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची समेत कई जिलों में महिला सशक्तीकरण, सुरक्षित मातृत्व, आवास, खेल और स्वच्छता के कार्यक्रम आयोजित हुए। 1.85 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया।

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: 3,216 बकरियों का टीकाकरण, महिलाओं को 4.40 लाख की सहायता; 1.85 लाख लोगों ने लिया हिस्सा

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में जनकल्याण और विकास से जुड़ी गतिविधियां जारी हैं। शनिवार को रांची, लोहरदगा, गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, दुमका, चतरा, कोडरमा और जमशेदपुर समेत कई जिलों में महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, कृषि, स्वच्छता और खेलकूद से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन कार्यक्रमों के तहत रांची में 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया और 15 महिलाओं के लिए स्वरोजगार के उद्देश्य से 4.40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। वहीं, राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित सुरक्षित मातृत्व अभियान में विभागीय प्रतिवेदन के अनुसार 1,85,070 लोगों ने भाग लिया।

महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की पहल

महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए रांची में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से कई गतिविधियां आयोजित की गईं। सोनाहातू में स्वयं सहायता समूह और फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया।

फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों के लिए 4.40 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इसके अलावा विभिन्न प्रखंडों में 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया और सामुदायिक निवेश निधि के तहत महिला समूहों को वित्तीय सहायता दी गई। जिले में 1,425 लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी भी पूरा किया गया।

जमशेदपुर के मुसाबनी और डुमरिया में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान स्वयं सहायता समूहों एवं लाभुकों को क्रमशः 1.26 करोड़ और 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। वहीं, गिरिडीह और दुमका में महिला किसानों के बीच गेहूं, चना और सरसों के बीज वितरित किए गए।

सुरक्षित मातृत्व अभियान में 1.85 लाख से अधिक प्रतिभागी

राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, पोषण तथा मातृत्व से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागीय प्रतिवेदन के अनुसार, इन गतिविधियों में कुल 1,85,070 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

लोहरदगा जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों में 5,127 लोगों की भागीदारी रही। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो कानून और साइबर अपराध जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया।

आवास योजनाओं के लाभुकों को कराया गया गृह प्रवेश

स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान विभिन्न जिलों में आवास योजनाओं के लाभुकों को उनके नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया। कोडरमा में 65 आवासों में गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित हुआ।

हजारीबाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम जनमन, अबुआ आवास और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नए घरों में प्रवेश कराया गया। रांची, चतरा और अन्य जिलों में भी स्वच्छता अभियान, बाल सभाएं, प्रभात फेरी तथा निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

पारंपरिक खेलों में 682 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

ग्रामीण और जनजातीय खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए विभिन्न जिलों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। गिरिडीह में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कोडरमा में 682 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और पारंपरिक खेलों में भाग लिया।

दुमका में प्रमंडल स्तरीय जनजातीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। गिरिडीह के सभी 13 प्रखंडों में लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया।

कई जिलों में स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम

पखवाड़े के तहत जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा रैली निकाली गई, जबकि लोहरदगा में तंबाकू मुक्त अभियान चलाया गया। चतरा में पेंशन एवं राजस्व शिविर लगाए गए और सरायकेला-खरसावां में स्वास्थ्य जांच के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

राज्य के विभिन्न जिलों में रक्तदान, स्वच्छता, नशामुक्ति और बाल विवाह रोकथाम से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के जरिए जनभागीदारी बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहित करने और सामाजिक विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button