
पाकुड़ में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 ग्राम के साथ 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार
पाकुड़: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 30 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। गिरफ्तार युवक की पहचान सूरज कुमार दुबे के रूप में हुई है। वह हिरणपुर थाना क्षेत्र के हाथकाठी, छिटकापाड़ा का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन, बिना नंबर की ग्लैमर बाइक और 5,320 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। इसी टीम ने मालगोदाम रोड पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले में NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
रिपोर्ट: नंद किशोर मंडल | पाकुड़



