HeadlinesJharkhandStatesTrending

झारखंड की खदानें बनेंगी पर्यटन का केंद्र? IITF में माइनिंग टूरिज्म की पहल का प्रदर्शन

IITF-2026 में झारखंड पवेलियन में खनिज संपदा, माइनिंग टूरिज्म और खनिज आधारित उद्योगों में निवेश व रोजगार की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।

IITF-2026 में झारखंड की खनिज संपदा का प्रदर्शन, माइनिंग टूरिज्म से निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर जोर

नई दिल्ली/रांची: नई दिल्ली के भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध खनिज संपदा और खनन क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। खान एवं भूविज्ञान विभाग, झारखंड सरकार ने पवेलियन में राज्य के प्रमुख खनिजों के साथ खनिज आधारित उद्योगों, निवेश, मूल्य संवर्धन और रोजगार सृजन की संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया है।

झारखंड को देश की ‘मिनरल कैपिटल’ के रूप में पहचान प्राप्त है। इसी पहचान को दर्शाते हुए पवेलियन में लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर, ग्रेनाइट और विभिन्न प्रकार के पत्थरों का प्रदर्शन किया गया है।

माइनिंग टूरिज्म की पहल को राष्ट्रीय मंच पर दिखा रहा झारखंड

झारखंड पवेलियन में राज्य की एक अनूठी पहल माइनिंग टूरिज्म को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। विभाग के अनुसार, झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने माइनिंग टूरिज्म की पहल शुरू की है।

इस पहल के तहत पर्यटकों को सक्रिय कोयला खदानों का भ्रमण कराया जाता है। यहां वे खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और देश की अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र के योगदान को करीब से समझ सकते हैं।

इस पहल के जरिए खनन क्षेत्र को केवल औद्योगिक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए पर्यटन और अनुभव आधारित गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

यूरेनियम से लिथियम तक, आधुनिक उद्योगों में खनिजों की अहम भूमिका

झारखंड पवेलियन में प्रदर्शित खनिजों की औद्योगिक उपयोगिता और महत्व की भी जानकारी दी जा रही है। बॉक्साइट को एल्युमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल बताया गया है। एल्युमिनियम का उपयोग परिवहन, निर्माण, विद्युत उपकरण और एयरोस्पेस उद्योगों में होता है।

इसी तरह बेरिलियम अपनी हल्की प्रकृति, मजबूती और ताप प्रतिरोधक क्षमता के कारण रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में उपयोगी है। वहीं, लिथियम का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों में उपयोग होने वाली रिचार्जेबल बैटरियों के निर्माण में किया जाता है।

यूरेनियम परमाणु ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख ईंधन है और देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

खनिज आधारित उद्योगों में निवेश और रोजगार पर जोर

IITF-2026 में झारखंड का खान एवं भूविज्ञान विभाग राज्य की प्राकृतिक संपदा के साथ खनन क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं को भी सामने रख रहा है।

विभाग का उद्देश्य खनिज आधारित उद्योगों में निवेश को प्रोत्साहित करना, खनिजों का मूल्य संवर्धन बढ़ाना और रोजगार के नए अवसरों की संभावनाओं को रेखांकित करना है।

खनिज संपदा का उपयोग ऊर्जा सुरक्षा, आधारभूत संरचना, विनिर्माण, आधुनिक तकनीक और रक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में होता है। ऐसे में IITF-2026 के मंच से झारखंड अपनी खनिज संपदा और औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत कर रहा है।

राज्य सरकार की इस प्रस्तुति के जरिए झारखंड को खनिज आधारित उद्योगों और निवेश के संभावित केंद्र के रूप में सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button