Hazaribagh: ‘मैया सम्मान योजना’ का प्रचार करते दो युवक डैम में डूबे, मौत से मातम

सरकारी योजना के प्रचार के दौरान हुआ हादसा

Hazaribagh: हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत घाघरा डैम में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। हेमंत सोरेन सरकार की ‘मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना’ का प्रचार-प्रसार करने गए दो युवकों की डैम में डूबने से मौत हो गई।

दोनों युवक प्रचार वाहन लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में योजना की जानकारी देने पहुंचे थे, लेकिन नहाने के दौरान यह हादसा हुआ।

Hazaribagh News: सेल्फी लेने के दौरान फिसले पैर, नहीं बच सकी जान

मृतकों की पहचान विशाल रविदास (निवासी कटकमदाग) और आशीष पासवान (निवासी सदर प्रखंड) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, योजना का प्रचार कार्यक्रम पूरा करने के बाद दोनों युवक डैम किनारे नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने सेल्फी लेने की कोशिश की, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरे पानी में डूब गए।

Hazaribagh News: साथी ने दी जानकारी, लेकिन बचाया नहीं जा सका

घटना के समय उनका एक तीसरा साथी भी मौजूद था, जिसने दोनों को डूबते देखा और शोर मचाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया, जिन्होंने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

Hazaribagh News: ‘मैया सम्मान योजना’ का उद्देश्य और महत्व

मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना झारखंड सरकार की एक महत्त्वाकांक्षी सामाजिक कल्याण योजना है, जिसका उद्देश्य अंत्योदय श्रेणी की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को सालाना ₹12,000 की सहायता दी जाती है, जो प्रति माह ₹1,000 की दर से उनके खातों में भेजी जाती है।

शोक की लहर, प्रशासन से मुआवज़े की मांग

युवकों की असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवज़े और सहायता की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी प्रचार अभियानों में शामिल कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

यह भी पढ़े: IndiGo Flight Emergency Landing: पटना से रांची आ रहे 180 यात्रियों की जान पर बन आया खतरा, गिद्ध से टकराया विमान, रांची में इमरजेंसी लैंडिंग

Exit mobile version