राजनीति में युवाओं की भागीदारी जरूरी, तभी होगा बड़ा बदलाव: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह

उन्होंने पेपर लीक और मूल्यांकन प्रक्रिया पर भी चिंता जताई।

झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि देश और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं की राजनीति और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षित, संवेदनशील और दूरदर्शी युवा नेतृत्व ही समाज को नई दिशा दे सकता है।

रांची में पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (PASWA) द्वारा आयोजित छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्होंने यह बातें कहीं।

रुचि के अनुसार करियर चुनने की सलाह

दीपिका पांडेय सिंह ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे उसी क्षेत्र का चयन करें, जिसमें उनकी वास्तविक रुचि हो। उन्होंने कहा कि विज्ञान, तकनीकी शिक्षा, कला, वाणिज्य, खेल या संस्कृति—जिस भी क्षेत्र में विद्यार्थी पूरी लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ेंगे, सफलता निश्चित रूप से मिलेगी।

युवाओं से राजनीति में आने की अपील

मंत्री ने विद्यार्थियों से राजनीति और सामाजिक नेतृत्व में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि युवा समाज में बदलाव चाहते हैं, तो उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने के लिए भी तैयार रहना होगा।

उन्होंने कहा कि आज देश और राज्य को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो समान अवसर, सामाजिक न्याय और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

पेपर लीक और मूल्यांकन प्रक्रिया पर चिंता

अपने संबोधन में मंत्री ने हाल के पेपर लीक मामलों और सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कई विद्यार्थियों को मूल्यांकन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि झारखंड के एक छात्र द्वारा मूल्यांकन प्रक्रिया में विसंगतियों को उजागर करने के बाद पुनर्मूल्यांकन में एक छात्रा का राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करना इस बात का संकेत है कि परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली में सुधार की आवश्यकता है।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार का भरोसा

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जा रहा “छात्रों की गूंज” अभियान विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

मेहनत ही सफलता की कुंजी

कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने छात्रों से निराश न होने, लगातार मेहनत करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के मेधावी विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक, संवेदनशील नेता और विकसित झारखंड तथा विकसित भारत के निर्माता बनेंगे।

Exit mobile version