Asian Games 2026 में गोल्ड जीतने वाली झारखंड की हॉकी खिलाड़ियों से मिले CM हेमंत सोरेन, मिठाई खिलाकर किया सम्मान

Asian Games 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की झारखंडी खिलाड़ियों सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली झारखंड की हॉकी खिलाड़ियों से मिले CM हेमंत सोरेन, मिठाई खिलाकर किया सम्मानित

 

रांची, 4 अक्टूबर 2026: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रविवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की झारखंडी खिलाड़ियों ने मुलाकात की। इनमें भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

 

झारखंड की बेटियों की सफलता पूरे राज्य के लिए गौरव की बात : मुख्यमंत्री

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों से एशियन गेम्स की तैयारियों और प्रतियोगिता के दौरान उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला हॉकी टीम की इस उपलब्धि में झारखंड की खिलाड़ियों का योगदान राज्य और देश के लिए गर्व की बात है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि से झारखंड के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।

 

राज्य की बेटियों को मिलेगी आगे बढ़ने की प्रेरणा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की इस सफलता से झारखंड सहित पूरे देश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा।

 

उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ खेलते हुए देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

 

कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों को दी बधाई

 

इस अवसर पर गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी भारतीय महिला हॉकी टीम की झारखंडी खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

 

मुलाकात के दौरान हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, इंटरनेशनल रेसलिंग कोच सह सीईओ झारखंड रजनीश कुमार और जनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद भी उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version