दलमा में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 6 वांछित नक्सलियों पर ₹1.33 करोड़ का इनाम

दलमा में 6 इनामी नक्सलियों के पोस्टर जारी, 1 करोड़ के इनामी असीम मंडल की तलाश तेज

दलमा में 6 इनामी नक्सलियों के पोस्टर जारी, 1 करोड़ के इनामी असीम मंडल की तलाश तेज

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम के दलमा और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने छह वांछित नक्सलियों के पोस्टर जारी किए हैं। इनमें एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश भी शामिल है। पुलिस ने पोस्टरों के जरिए ग्रामीणों से नक्सलियों की गतिविधियों, आवाजाही और ठिकानों से जुड़ी जानकारी देने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी सूचना मिलने पर घोषित इनाम भी दिया जाएगा।

छह नक्सलियों पर कुल 1.33 करोड़ रुपये का इनाम

पटमदा डीएसपी नित्यानंद के अनुसार, जारी पोस्टरों में छह वांछित नक्सलियों के नाम, तस्वीर और उनके ऊपर घोषित इनाम की राशि दर्ज है।

नक्सली इनाम
असीम मंडल उर्फ आकाश ₹1 करोड़
राम प्रसाद उर्फ सचिन ₹15 लाख
मीता ₹10 लाख
मंगल सिंह सरदार ₹5 लाख
मालती मुर्मू ₹2 लाख
बुलू महतो ₹1 लाख

इन छह नक्सलियों पर कुल ₹1.33 करोड़ का इनाम घोषित है।

दलमा और सीमावर्ती इलाकों में लगाए जा रहे पोस्टर

पुलिस की ओर से पोस्टरों को एमजीएम, पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला और दलमा से जुड़े सीमावर्ती गांवों के चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जा रहा है।

पुलिस का मानना है कि ग्रामीणों तक नक्सलियों की तस्वीर और पहचान पहुंचने से उनकी गतिविधियों के बारे में सूचना जुटाने में मदद मिलेगी।

ग्रामीणों से पुलिस को सूचना देने की अपील

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि असीम मंडल या उसके सहयोगियों की संदिग्ध गतिविधि, आवाजाही या ठिकाने से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही, उपयोगी सूचना मिलने पर संबंधित नक्सली के खिलाफ घोषित इनाम की राशि देने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।

पुलिस और कोबरा का संयुक्त तलाशी अभियान जारी

पोस्टर अभियान के साथ ही दलमा और आसपास के जंगलों में पुलिस तथा कोबरा बटालियन का संयुक्त तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां असीम मंडल और उसके सहयोगियों की संभावित मौजूदगी को लेकर जंगल और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा रही हैं।

मदन महतो की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब असीम मंडल और उसके दस्ते से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है। पोस्टर अभियान और सर्च ऑपरेशन को नक्सल विरोधी अभियान की दोहरी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

Exit mobile version