Jharkhand News: Ranchi में जनगणना-2027 के तहत डोर-टू-डोर मकान गणना और हाउस लिस्टिंग अभियान शुक्रवार 16 मई से शुरू होने जा रहा है। यह अभियान 14 जून 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मकानों, परिवारों और रहवासियों से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे। नगर निगम प्रशासन के अनुसार इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्रणाली और ऐप आधारित निगरानी के जरिए संचालित की जाएगी, ताकि जनगणना पहले से अधिक सटीक और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।
प्रगणकों को बांटी गई आधिकारिक किट: Jharkhand News
Ranchi Municipal Corporation द्वारा जनगणना कार्य में लगे प्रवेक्षकों और प्रगणकों के बीच आधिकारिक किट वितरित की गई है। इस किट में शामिल हैं
- पहचान पत्र
- प्रशिक्षण सामग्री
- जनगणना प्रपत्र
- बैग और पेन
- जनगणना ऐप संचालन संबंधी दिशा-निर्देश
अधिकारियों ने सभी कर्मियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गोपनीय तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
स्लम और प्रवासी आबादी पर विशेष फोकस: Jharkhand News
अभियान के तहत शहर के सभी मकानों का चिन्हांकन किया जाएगा और परिवारों की प्रारंभिक सूची तैयार की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने बताया कि झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों, प्रवासी आबादी और संवेदनशील इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कोई भी परिवार सर्वे से छूट न जाए।
“विकास योजनाओं की बुनियाद है जनगणना”: Jharkhand News
अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की बुनियाद है। उन्होंने सभी कर्मियों से मिशन मोड में काम करने की अपील की।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत जनगणनाकर्मियों को ही जानकारी दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणनाकर्मी किसी भी व्यक्ति से बैंक डिटेल, ओटीपी या वित्तीय जानकारी नहीं मांगेंगे। नागरिकों को क्यूआर कोड युक्त पहचान पत्र देखकर ही जानकारी साझा करने की सलाह दी गई है। वहीं जिन्होंने पहले ही स्वयं गणना प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें सिर्फ अपना SE-ID साझा करना होगा।
