सिमडेगा विधायक प्रकरण पर बंधु तिर्की का BJP से सवाल, बोले- दोषी विधायक हो या पत्रकार, किसी को बख्शा न जाए
रांची: सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग यौन शोषण के कथित मामले को लेकर झारखंड में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने सोमवार को कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
बंधु तिर्की ने स्पष्ट कहा कि दोषी चाहे विधायक हो, पत्रकार हो या किसी अन्य पद पर बैठा व्यक्ति, कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और जांच की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में किसी भी पक्ष को जांच प्रभावित करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
बाबूलाल मरांडी से पूछा- बच्ची उनसे कैसे मिली?
बंधु तिर्की ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि नाबालिग बच्ची उनसे कैसे मिली और उसे उनके पास कौन लेकर आया था?
तिर्की ने कहा कि यदि बच्ची ने अपनी परेशानी बाबूलाल मरांडी के सामने रखी थी, तो वे उसे सीधे पुलिस थाने क्यों नहीं ले गए? संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचना देने के बजाय उन्होंने क्या कदम उठाए?
उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामले में सबसे पहली प्राथमिकता बच्ची की सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। तिर्की ने भाजपा नेताओं पर जांच पूरी होने से पहले धरना-प्रदर्शन और बयानबाजी के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस न तो किसी दोषी को बचाने के पक्ष में है और न ही किसी को राजनीतिक दुर्भावना से फंसाया जाना चाहिए। सभी पक्षों को जांच में सहयोग करना चाहिए और कानूनी प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए।
दीपक प्रकाश को बृजभूषण सिंह मामले की दिलाई याद
भाजपा सांसद दीपक प्रकाश पर निशाना साधते हुए बंधु तिर्की ने बृजभूषण सिंह से जुड़े महिला पहलवानों के आरोपों का उल्लेख किया। उन्होंने सवाल किया कि उस समय दीपक प्रकाश ने क्या रुख अपनाया था, जब महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे।
तिर्की ने पूछा कि उस दौरान सांसद रहते हुए दीपक प्रकाश ने पीड़ितों के न्याय के लिए क्या पहल की थी। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और न्याय जैसे मुद्दों पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार अलग-अलग रुख नहीं अपनाया जाना चाहिए।
आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा को राजनीतिक मुद्दा न बनाने की अपील
बंधु तिर्की ने भाजपा को आगाह किया कि सिमडेगा विधायक प्रकरण को आदिवासी वोट बैंक की राजनीति का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा चुनावी नारा या राजनीतिक हथियार नहीं, बल्कि सम्मान, न्याय और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा सवाल है।
उन्होंने सभी पक्षों से निष्पक्ष जांच में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान तिर्की ने निशा भगत मामले का भी जिक्र किया और कहा कि CBI जांच से उस प्रकरण में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
‘प्रेस बयान और धरने से नहीं, तथ्यों से मिलेगा न्याय’
बंधु तिर्की ने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री इन दिनों गाड़ी-गाड़ी खेलने में व्यस्त हैं, लेकिन उन्हें संवेदनशील मामलों में अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल प्रेस बयान जारी करने या धरना-प्रदर्शन करने से न्याय सुनिश्चित नहीं होता। इसके लिए तथ्यों, साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करना जरूरी है।
फिलहाल, इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी के बीच पुलिस जांच जारी है। नाबालिग से जुड़े आरोपों की सच्चाई जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।
