बाबूलाल मरांडी के बयान पर झारखंड में सियासी घमासान, DGP के समर्थन में उतरे तीन पुलिस संगठन; BJP ने भी किया पलटवार
रांची: झारखंड में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से पुलिस महानिदेशक (DGP) और राज्य पुलिस की कार्यशैली पर उठाए गए सवालों को लेकर विवाद गहरा गया है। मरांडी के बयान के विरोध में आईपीएस एसोसिएशन, झारखंड चैप्टर, झारखंड पुलिस एसोसिएशन और झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन ने एकजुट होकर DGP के प्रति समर्थन जताया है। वहीं, पुलिस संगठनों की प्रेस विज्ञप्ति पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। इसके बाद राज्य में पुलिस की जवाबदेही, प्रशासनिक निष्पक्षता और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर बहस तेज हो गई है।
भूषण बाड़ा मामले से शुरू हुआ विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले को लेकर हुई। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करने के साथ 14 नवंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में झारखंड पुलिस की कार्यप्रणाली और DGP की जवाबदेही पर सवाल उठाए थे।
मरांडी ने पुलिस की भूमिका की आलोचना करते हुए सवाल किया था कि जब पुलिस की कार्यप्रणाली ही सवालों के घेरे में हो, तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करे?
उनकी इस टिप्पणी के बाद पुलिस संगठनों ने सार्वजनिक रूप से अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
IPS एसोसिएशन ने DGP के समर्थन में जारी किया बयान
आईपीएस एसोसिएशन के झारखंड चैप्टर ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बाबूलाल मरांडी की टिप्पणी पर नाराजगी जताई। एसोसिएशन का कहना है कि एक महिला पुलिस प्रमुख के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है।
संगठन ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दलीय राजनीति में घसीटना प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है और इससे पुलिस बल का मनोबल भी कमजोर होता है। एसोसिएशन ने DGP के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया।
पुलिस एसोसिएशन और मेंस एसोसिएशन ने भी जताई आपत्ति
इस विवाद में झारखंड पुलिस एसोसिएशन और झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन भी सामने आए हैं।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने मरांडी के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पुलिस किसी राजनीतिक कहानी या एजेंडे का हिस्सा नहीं है। उनके अनुसार, पुलिस की जांच ठोस साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर आगे बढ़ती है। बिना प्रमाण पुलिस नेतृत्व पर सवाल उठाना पूरी संस्था की गरिमा को प्रभावित करता है।
वहीं, झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन ने 14 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों को तथ्यों से परे और भ्रामक बताया। संगठन का कहना है कि इस तरह के आरोप पुलिसकर्मियों का मनोबल कमजोर कर सकते हैं।
मेंस एसोसिएशन ने बाबूलाल मरांडी से अपने आरोपों के समर्थन में सार्वजनिक रूप से ठोस प्रमाण पेश करने या लिखित रूप में बयान वापस लेने की मांग की है।
पुलिस संगठनों की विज्ञप्ति पर भाजपा का पलटवार
पुलिस संगठनों के विरोध के बाद भाजपा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू की विज्ञप्ति पर सवाल उठाए।
उन्होंने विज्ञप्ति को JMM-कांग्रेस की राजनीतिक स्क्रिप्ट करार देते हुए आरोप लगाया कि राहुल मुर्मू पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष से ज्यादा हेमंत सरकार के समर्थक कुछ चुनिंदा पुलिसकर्मियों के प्रतिनिधि नजर आ रहे हैं।
अजय साह ने दावा किया कि झारखंड पुलिस में बड़ी संख्या में ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी हैं, जो राज्य की चिंता करते हैं और बाबूलाल मरांडी की बेबाक आवाज के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों पर सवाल उठाना नेता प्रतिपक्ष की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है।
पुलिस की जवाबदेही और राजनीतिक बयानबाजी पर बढ़ी बहस
बाबूलाल मरांडी की टिप्पणी, पुलिस संगठनों की आपत्ति और भाजपा के पलटवार के बाद झारखंड में यह विवाद राजनीतिक और प्रशासनिक बहस का विषय बन गया है।
एक ओर पुलिस संगठन अपने नेतृत्व और पुलिस बल की गरिमा तथा मनोबल का मुद्दा उठा रहे हैं, वहीं भाजपा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी बता रही है। अब इस विवाद में आगे क्या राजनीतिक और प्रशासनिक प्रतिक्रिया सामने आती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
