बोकारो में छठ घाटों का डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

छठ पर्व पर बोकारो डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीणा ने टू टैंक गार्डन, कुलिंग पाउंड, सूर्य मंदिर चास और गरगा नदी घाट का निरीक्षण किया।

छठ घाटों पर डीसी-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

 

बोकारो संवाददाता: ललित मिश्रा

 

लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बोकारो जिले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। इसी क्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया।

 

अधिकारियों ने टू टैंक गार्डन, कुलिंग पाउंड, सूर्य मंदिर चास और गरगा नदी छठ घाट पहुंचकर विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार घाटों की निगरानी कर रही हैं।

 

उन्होंने बताया कि छठ घाटों पर व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।

 

सभी घाटों पर मुस्तैद है पुलिस बल

 

पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि जिले के सभी छठ घाटों पर श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद है।

 

आईजी ने भी गरगा नदी छठ घाट का किया निरीक्षण

 

इस दौरान उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने भी गरगा नदी छठ घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजामों का निरीक्षण किया।

 

मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version