पानी-बिजली संकट पर सड़कों पर उतरी BJP, पाकुड़ में मटका प्रदर्शन से सरकार पर साधा निशाना
Pakur: झारखंड में बढ़ते पेयजल और बिजली संकट को लेकर भाजपा ने मंगलवार को पाकुड़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पाकुड़ रेलवे मैदान से पार्क तक निकाली गई आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। प्रदर्शन का सबसे खास दृश्य महिलाओं का सिर पर खाली मटका लेकर सड़कों पर उतरना रहा।
भाजपा ने इस प्रदर्शन के जरिए राज्य सरकार पर पेयजल और बिजली व्यवस्था पूरी तरह फेल होने का आरोप लगाया।
महिलाओं ने उठाई पानी संकट की आवाज
रैली का नेतृत्व कर रहीं भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में महिलाएं पीने का पानी लाने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की बुनियादी जरूरतें तक पूरी नहीं कर पा रही है।
सरिता मुर्मू ने कहा,
“जो सरकार जनता को पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं दे सकती, उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।”
भाजपा नेताओं ने सरकार को घेरा
भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद शाह ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे राज्य में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चापाकल खराब पड़े हैं और कई जलापूर्ति योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन दोनों जनता की समस्याओं से बेखबर हैं।
खाली मटकों से जताया विरोध
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने सिर पर खाली मटके रखकर यह संदेश देने की कोशिश की कि सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर लोग पानी के लिए परेशान हैं।
प्रदर्शनकारियों ने “हेमंत सोरेन होश में आओ” के नारे लगाए और बिजली कटौती को लेकर भी सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली और पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार मुफ्त बिजली और विकास के दावे करती है, लेकिन हकीकत में लोगों को घंटों बिजली कटौती और पानी संकट का सामना करना पड़ रहा है।
