मोदी सरकार पर JMM का हमला, विनोद पांडेय बोले- चुनाव बाद जनता को त्याग का उपदेश

चुनाव खत्म होते ही जनता पर बोझ, JMM ने केंद्र सरकार को घेरा

मोदी सरकार की आर्थिक नीति पर JMM का हमला, विनोद पांडेय बोले- चुनाव तक चुप्पी, अब जनता को त्याग का उपदेश

Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने केंद्र की मोदी सरकार पर आर्थिक मुद्दों और विदेश नीति को लेकर तीखा हमला बोला है। पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि चुनाव खत्म होते ही केंद्र सरकार का “असल चेहरा” सामने आ गया है और अब जनता को त्याग और कटौती का उपदेश दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल बचाने, सोना नहीं खरीदने, विदेश यात्राएं कम करने और विदेशी सामान से दूरी बनाने जैसी सलाहें यह साबित करती हैं कि देश गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। लेकिन सरकार ने चुनाव के दौरान इस सच्चाई को जनता से छिपाए रखा।

“चुनाव तक सच्चाई छिपाई गई”

विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होने तक सरकार ने आर्थिक हालात पर चुप्पी साधे रखी। उन्होंने कहा कि अब जनता को “कम खर्च करो, कम घूमो और कम खरीदो” का संदेश दिया जा रहा है, जिससे साफ है कि राजनीतिक फायदे के लिए वास्तविक स्थिति छिपाई गई।

उन्होंने कहा कि जिस वैश्विक तनाव और युद्ध की बात अब की जा रही है, वह कोई नई स्थिति नहीं थी। अगर हालात इतने गंभीर थे तो चुनाव से पहले देश को सच्चाई क्यों नहीं बताई गई।

विदेश नीति और अर्थव्यवस्था पर सवाल

JMM महासचिव ने कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीति हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन देशों को कभी भारत का सबसे बड़ा मित्र बताया जाता था, वही अब दूरी बनाते नजर आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार अमेरिका के दबाव में झुकती दिख रही है और इसका असर सीधे देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है।

“विश्वगुरु के दावे, लेकिन जनता परेशान”

विनोद पांडेय ने कहा कि मोदी सरकार ने “विश्वगुरु”, “न्यू इंडिया” और “5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी” जैसे बड़े दावे किए, लेकिन आज आम आदमी महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स, बढ़ती महंगाई और कमजोर होती अर्थव्यवस्था ने जनता की कमर तोड़ दी है। अब सरकार जनता से त्याग मांग रही है, जबकि खुद उसके नेता विदेश दौरों पर जा रहे हैं।

“देश को भाषण नहीं, जवाब चाहिए”

JMM ने कहा कि जनता टैक्स भी दे, महंगाई भी झेले, बेरोजगारी भी सहे और फिर उपदेश भी सुने, यह लोकतंत्र नहीं बल्कि जनता के साथ अन्याय है।

विनोद पांडेय ने कहा कि देश को अब भाषण नहीं, बल्कि सरकार से जवाब चाहिए कि 12 वर्षों के शासन के बाद भी जनता को राहत क्यों नहीं मिल पा रही है।

Exit mobile version