भाजपा में समर्पित कार्यकर्ता हाशिए पर, ‘आयातित’ चेहरों का बोलबाला: Vinod Pandey

रांची। Vinod Pandey: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने तीखा हमला बोला है।

झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा की वर्तमान कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज की भाजपा में विचारधारा और सिद्धांतों की जगह अवसरवाद ने ले ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी को सींचने वाले पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर बाहरी यानी ‘आयातित’ नेताओं को सिर-माथे पर बिठाया जा रहा है।

जश्न भव्य पर पार्टी की आत्मा खो गई: Vinod Pandey

प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे धनी और संसाधनों से परिपूर्ण पार्टी है, इसलिए उनका जश्न भव्य होना स्वाभाविक है। लेकिन उन्होंने भाजपा के ही एक “बुद्धिजीवी वृद्ध नेता” के हवाले से कहा कि यह देखकर दुख होता है कि जिस पार्टी की असली ताकत कभी जमीन से जुड़े कार्यकर्ता थे, आज वे हाशिए पर हैं।

उन्होंने भाजपा के भीतर बढ़ते केंद्रीकरण पर निशाना साधते हुए कहा:

“बाहर से आए लोग आज शीर्ष पर बैठे हैं, जबकि सालों तक संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं की आवाज दबाई जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार करना सिर्फ एक भूल नहीं, बल्कि भाजपा की सोच में आए बदलाव का संकेत है।”

केवल संसाधनों से दल मजबूत नहीं होते: Vinod Pandey

विनोद पांडेय ने भाजपा की लोकतांत्रिक संस्कृति पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या कोई राजनीतिक दल सिर्फ प्रचार और अकूत संसाधनों से मजबूत होता है? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में दल केवल चुनाव जीतने की मशीन नहीं होते, बल्कि वे विश्वास और विचार का मंच होते हैं। जब कोई मंच अपने ही निष्ठावान लोगों के लिए संकुचित हो जाए, तो जश्न चाहे कितना भी भव्य हो, उसकी आत्मा खो जाती है।

विकास के दावों और जमीनी हकीकत में अंतर: Vinod Pandey

झामुमो महासचिव ने भाजपा नेताओं के भाषणों को ‘आत्मप्रशंसा’ से भरा हुआ करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की बड़ी-बड़ी बातें तो करती है, लेकिन हकीकत में वह महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता को दूर करने में पूरी तरह विफल रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयानों पर पलटवार करते हुए पांडेय ने कहा:

“दूसरों पर हंसने और टिप्पणी करने से पहले भाजपा को अपने पुराने वादों का हिसाब देना चाहिए। जनता अब भावनात्मक भाषणों के झांसे में आने वाली नहीं है, उसे ठोस काम और परिणाम चाहिए।”

झारखंड में जनहित बनाम भाजपा की बयानबाजी

विनोद पांडेय ने स्पष्ट किया कि भाजपा की नीतियां केवल आर्थिक बोझ बढ़ाने और युवाओं के अवसर छीनने वाली रही हैं। उन्होंने झारखंड की वर्तमान स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार जल-जंगल-जमीन, सामाजिक न्याय और स्थानीय मुद्दों पर मजबूती से काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनहित के मुद्दों का कोई जवाब नहीं है, इसलिए वह केवल राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर रही है।

यह भी पढ़े: असम चुनाव में Hemant Soren का केंद्र पर हमला, बोले- ‘हमें रोकना लोकतंत्र का गला घोंटना

Exit mobile version