HeadlinesJharkhandStatesTrending

लुगुबुरू महोत्सव में DC-SP ने किया टेंट सिटी का निरीक्षण, श्रद्धालुओं से जाना सुविधाओं का हाल

बोकारो में लुगुबुरू महोत्सव-2026 के दौरान DC अजय नाथ झा और SP नाथू सिंह मीणा ने टेंट सिटी, चिकित्सा और सेवा स्टॉलों का निरीक्षण किया।

लुगुबुरू महोत्सव में DC-SP ने टेंट सिटी का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं से जाना सुविधाओं का हाल

बोकारो: लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 के अवसर पर रविवार को बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने टेंट सिटी सहित विभिन्न सेवा एवं प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से आए श्रद्धालु दुब्राज हांसदा से बातचीत की। उन्होंने उनके महोत्सव में आने, ठहरने की व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही, प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर उनका अनुभव भी जाना। उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहा है।

टेंट सिटी में ठहरने और बुनियादी सुविधाओं की जांच

डीसी और एसपी ने टेंट सिटी परिसर में श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को आवासन के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी जरूरी सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

चिकित्सा स्टॉलों का निरीक्षण, तत्काल उपचार के निर्देश

अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए चिकित्सा स्टॉलों का भी जायजा लिया। यहां श्रद्धालुओं को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता की जानकारी ली गई।

स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर बिना देरी किए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

खिचड़ी सेवा और विभागीय प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन

निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन एवं रूपी सोरेन की स्मृति में संचालित खिचड़ी सेवा स्टॉल का भी अवलोकन किया। इसके अलावा झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री की जानकारी ली।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि महोत्सव में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं, सुगम आवागमन, सुरक्षित आवासन और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button