
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को अपने रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में स्वयं एन्यूमरेशन (SIR) प्रपत्र भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना SIR फॉर्म भरकर मतदाता सूची का सत्यापन कराने की अपील की।
मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने भरा SIR फॉर्म
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना SIR प्रपत्र भरकर जमा किया।
लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है नागरिकों की भागीदारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है।
उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि वे समय पर अपना SIR प्रपत्र भरें और अपने परिवार, पड़ोस तथा अन्य पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
राज्यभर में चल रहा है SIR अभियान
झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी उपस्थित रहीं।



