HeadlinesJharkhandStatesTrending

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 1042 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

सरकार ने बताया कि अब तक 38,903 युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है।

CM हेमंत सोरेन ने 1042 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- शिक्षकों के कंधों पर झारखंड का भविष्य

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को आयोजित समारोह में राज्य के 1042 नव नियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों से निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए झारखंड के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को पढ़ाने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज और राज्य की नई पीढ़ी का चरित्र निर्माण भी करते हैं।

‘नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाना शिक्षकों की जिम्मेदारी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि नव नियुक्त सहायक आचार्यों के कंधों पर राज्य की आने वाली पीढ़ी को शिक्षित, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों पर सवाल उठते रहते हैं, लेकिन शिक्षकों को इन बातों से प्रभावित हुए बिना पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य के सवा तीन करोड़ लोगों की जिम्मेदारी सरकार की है, लेकिन समाज और प्रत्येक नागरिक की भी अपनी जिम्मेदारी है। यदि सभी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे तो झारखंड की सकारात्मक पहचान पूरे देश में बनेगी।

सरकार लगातार दे रही रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाखों अभ्यर्थियों में चयनित होकर आए शिक्षक विशेष उपलब्धि हासिल कर यहां पहुंचे हैं। जो अभ्यर्थी इस बार चयनित नहीं हो सके हैं, उन्हें भी भविष्य में अवसर मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने से पहले ही हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और नियुक्ति प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों पर दिया जोर

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना की गई है, जहां निजी स्कूलों की तर्ज पर अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराई जा रही है। साथ ही विज्ञान शिक्षकों की कमी दूर करने समेत शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कई कदम उठाए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त सहायक आचार्यों को शपथ भी दिलाई कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

पिछले छह महीने में करीब 10 हजार नियुक्तियां

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह ने कहा कि राज्य के युवाओं में रोजगार को लेकर उत्साह बढ़ा है। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में सरकार लगभग 10 हजार सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दे चुकी है और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

अब तक 38,903 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के सपने को साकार करने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अब तक 38,903 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंप चुके हैं और आने वाले समय में भी रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button