14वीं JPSC और रोजगार के मुद्दे पर सड़क पर उतरेगा भाजयुमो, झारखंडभर में आंदोलन का ऐलान
14वीं JPSC परीक्षा और रोजगार को लेकर भाजयुमो का राज्यव्यापी आंदोलन, जनजागरण अभियान शुरू होगा
admin
14वीं JPSC परीक्षा और रोजगार के मुद्दे पर सड़क पर उतरेगा भाजयुमो, राज्यभर में आंदोलन का ऐलान
Ranchi: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा, रोजगार, लंबित भर्तियों और नियोजन नीति समेत युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर पूरे झारखंड में आंदोलन करने की घोषणा की है।
इस संबंध में भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजयुमो के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्यभर में जनजागरण अभियान चलाकर युवाओं के बीच पहुंचा जाएगा और रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तथा स्पष्ट नियोजन नियमावली की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
युवाओं की आवाज़ उठाने का दावा
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजयुमो हमेशा युवाओं के हितों की आवाज़ उठाता रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की।
सरकार के वादों पर सवाल
भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने चुनाव के दौरान 1932 आधारित नियोजन नीति लागू करने का वादा किया था, लेकिन अब भी कई नियुक्तियां पुराने 1985 कट-ऑफ के आधार पर की जा रही हैं। उन्होंने इसे सरकार के वादों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर बताया।
रोजगार और भर्ती प्रक्रिया को लेकर नाराजगी
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि झारखंड के युवा रोजगार और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक स्थायी और स्पष्ट नियोजन नियमावली लागू नहीं कर सकी है। इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान 14वीं JPSC परीक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही देरी, लंबित नियुक्तियां, बढ़ते पलायन और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।