12 साल की बच्ची के गर्भवती होने की पुष्टि, CWC-पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

चतरा में नाबालिग से यौन शोषण का आरोप, CWC और पुलिस ने लिया संज्ञान

चतरा में 12 वर्षीय बच्ची के गर्भवती होने की पुष्टि, यौन शोषण के आरोप में POCSO के तहत कार्रवाई की तैयारी

चतरा: झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची के कथित यौन शोषण और गर्भवती होने का मामला सामने आया है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बच्ची के गर्भवती होने की पुष्टि की है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद बाल कल्याण समिति (CWC) और पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची को रक्तस्राव और पेट में दर्द की शिकायत के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की जानकारी पुलिस को लिखित रूप में भी दी गई है।

CWC और पुलिस की टीम ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

मामले में एसपी अनिमेष नैथानी और एसडीपीओ सन्नी वर्धन के निर्देश पर सोमवार को CWC, सदर थाना और महिला थाना की टीम सदर अस्पताल पहुंची। टीम ने बच्ची और उसके परिजनों से बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।

CWC अध्यक्ष नर्मदेश्वर सिंह के मुताबिक, बच्ची और उसके माता-पिता की काउंसलिंग की गई है। इसके बाद परिजन आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तैयार हुए हैं।

सदर थाना में जीरो FIR की प्रक्रिया

CWC अध्यक्ष के अनुसार, बच्ची और उसके माता-पिता के बयान के आधार पर सदर थाना में जीरो FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके बाद मामले को आगे की जांच के लिए लावालौंग थाना स्थानांतरित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उपलब्ध तथ्यों और बच्ची के बयान के आधार पर पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

गांव के युवक पर यौन शोषण का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्ची ने पूछताछ के दौरान गांव के ही एक युवक का नाम बताया है। आरोप है कि युवक ने उसे बहला-फुसलाकर उसका यौन शोषण किया। बच्ची के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद आरोपी द्वारा कथित तौर पर गर्भपात की दवा दिए जाने का भी आरोप है।

दवा लेने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने और रक्तस्राव व दर्द की शिकायत होने पर परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। फिलहाल बच्ची का चिकित्सकीय उपचार किया जा रहा है और मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

 

↑
Exit mobile version