HeadlinesJharkhandStatesTrending

लोहरदगा में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन आज भी प्रासंगिक, देशहित सर्वोपरि

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन आज भी प्रेरणादायक है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन भारतीय राजनीति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित के प्रति उनका समर्पण आज भी उतना ही प्रासंगिक है और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड स्थित अभिराम बीएड कॉलेज, टीको में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बीएड छात्रों, बुद्धिजीवियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

‘देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें’

आदित्य प्रसाद साहू ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें” की भावना हर कार्यकर्ता के भीतर होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी प्रेरणादायक

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मात्र 35 वर्ष की आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बनने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने शिक्षा, राष्ट्रवाद और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके आदर्शों को अपनाकर ही विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटा है। इसी कार्यसंस्कृति के कारण भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बनी है।

लोहरदगा दौरे के दौरान आदित्य प्रसाद साहू ने टाटी चौक स्थित विश्राम टाना भगत की प्रतिमा तथा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक

कुडू स्थित संजय ढाबा सभागार में उन्होंने जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक कर संगठन की रणनीति, केंद्र सरकार की योजनाओं और क्षेत्रीय जनसमस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

कई नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली

कार्यक्रम के दौरान आजसू पार्टी के पूर्व जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी रामचंद्र गिरि, जिला मंत्री संगीता देवी, पूर्व कांग्रेसी कार्यकर्ता मुकेश कुमार सहित कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, मनीर उरांव, जिला प्रभारी अमित सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष आजातशत्रु, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, अभिराम बीएड कॉलेज के सचिव इंद्रजीत भारती, जिला उपाध्यक्ष सरिता देवी, कलावती देवी, जगनंदन पौराणिक, राजीव रंजन, बजरंग उरांव, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष समेला भगत, पवन तिग्गा सहित बड़ी संख्या में छात्र, बुद्धिजीवी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button