HeadlinesJharkhandStatesTrending

नाबालिग से कथित यौन शोषण मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, विनोद पांडेय ने कही ये बात

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण पर जेएमएम महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कहा, साजिश हुई है तो उसके पीछे के चेहरे भी बेनकाब हों।

नाबालिग से कथित यौन शोषण मामले में निष्पक्ष जांच कराए सरकार, दोषियों को मिले सख्त सजा : विनोद पांडेय

 

रांची: सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े प्रकरण को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने राज्य सरकार से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की ओर से राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नाबालिग बच्ची से जुड़े कथित यौन शोषण के आरोप बेहद गंभीर हैं। इस मामले में किसी को भी संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।

 

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। कानून से ऊपर कोई नहीं है। किसी व्यक्ति को उसके पद, राजनीतिक प्रभाव या पार्टी से जुड़े होने के आधार पर बचाया नहीं जाना चाहिए।

 

पीड़िता को न्याय दिलाना सबसे महत्वपूर्ण

 

जेएमएम महासचिव ने कहा कि इस पूरे मामले में नाबालिग बच्ची को न्याय मिलना सबसे महत्वपूर्ण है। जांच एजेंसियों को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक जाना चाहिए, ताकि वास्तविक सच्चाई सामने आ सके और पीड़िता को न्याय मिल सके।

 

पुलिस कार्रवाई और मीडिया की स्वतंत्रता पर भी रखी बात

 

न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठाए गए सवालों पर पांडेय ने कहा कि यदि कार्रवाई की प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। पुलिस को कानून के दायरे में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता और कानून के पालन, दोनों का सम्मान जरूरी है।

 

साजिश हुई है तो उसके पीछे के चेहरे भी हों बेनकाब

 

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि यदि पूरे प्रकरण में किसी तरह की साजिश रची गई है या राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है, तो उसका भी पर्दाफाश होना चाहिए। जांच में यदि किसी व्यक्ति की साजिश में भूमिका सामने आती है, तो उसे बेनकाब कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि किसी गंभीर मामले को राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। न किसी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिलना चाहिए और न ही जांच को प्रभावित करने की कोशिश होनी चाहिए।

 

पांडेय ने सरकार से पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने, पीड़िता को न्याय दिलाने और यदि किसी स्तर पर कानून का उल्लंघन हुआ है तो संबंधित लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने दोहराया कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button