
IITF-2026 में झारखंड पवेलियन का आकर्षण बनी माटी कला और टेराकोटा, लाइव डेमो से लोगों को लुभा रहे कारीगर
नई दिल्ली/रांची: 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हस्तशिल्प के जरिए लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। झारखंड पवेलियन में माटी कला यानी टेराकोटा का लाइव प्रदर्शन खास आकर्षण बना हुआ है। मिट्टी से तैयार होने वाले हस्तनिर्मित और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को देखने के लिए बड़ी संख्या में आगंतुक पवेलियन पहुंच रहे हैं।
लाइव डेमो में कारीगर दिखा रहे अपनी कला
झारखंड पवेलियन में कारीगर लाइव डेमो के जरिए अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। वे मिट्टी से ट्रे, सुराही, कप, गिलास, थाली और केतली जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार कर रहे हैं।
इस प्रदर्शन की खास बात यह है कि पर्यटक अपनी आंखों के सामने उत्पादों को बनते देख सकते हैं। इतना ही नहीं, आगंतुक खुद भी इस कला का अनुभव लेकर अपने हाथों से मिट्टी के उत्पाद बना सकते हैं। तैयार उत्पादों को सीधे कारीगरों से खरीदने की सुविधा भी लोगों को आकर्षित कर रही है।
पारंपरिक कारीगरों को पहचान और बाजार देने की पहल
झारखंड सरकार राज्य की पारंपरिक कला एवं शिल्प के संरक्षण, स्थानीय कारीगरों के सशक्तीकरण और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास कर रही है।
माटी कला बोर्ड की परिकल्पना भी पारंपरिक कुम्हारों और माटी शिल्पकारों को पहचान दिलाने, उनके कौशल का विकास करने, आधुनिक डिजाइन से जोड़ने और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने से जुड़ी है।
राष्ट्रीय मंच पर झारखंड की माटी कला
IITF-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य की माटी कला को राष्ट्रीय मंच मिल रहा है। इससे एक ओर झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय कारीगरों को सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। यह पहल उनके उत्पादों के लिए नए बाजार और रोजगार के अवसर तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



