Pakur: झारखंड में बढ़ते पेयजल और बिजली संकट को लेकर BJP ने मंगलवार को पाकुड़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पाकुड़ रेलवे मैदान से पार्क तक निकाली गई आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। प्रदर्शन का सबसे खास दृश्य महिलाओं का सिर पर खाली मटका लेकर सड़कों पर उतरना रहा। भाजपा ने इस प्रदर्शन के जरिए राज्य सरकार पर पेयजल और बिजली व्यवस्था पूरी तरह फेल होने का आरोप लगाया।
महिलाओं ने उठाई पानी संकट की आवाज: BJP
रैली का नेतृत्व कर रहीं भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में महिलाएं पीने का पानी लाने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की बुनियादी जरूरतें तक पूरी नहीं कर पा रही है। सरिता मुर्मू ने कहा, “जो सरकार जनता को पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं दे सकती, उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।”
भाजपा नेताओं ने सरकार को घेरा: BJP
भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद शाह ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे राज्य में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चापाकल खराब पड़े हैं और कई जलापूर्ति योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन दोनों जनता की समस्याओं से बेखबर हैं।
खाली मटकों से जताया विरोध: BJP
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने सिर पर खाली मटके रखकर यह संदेश देने की कोशिश की कि सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर लोग पानी के लिए परेशान हैं। प्रदर्शनकारियों ने “हेमंत सोरेन होश में आओ” के नारे लगाए और बिजली कटौती को लेकर भी सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली और पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार मुफ्त बिजली और विकास के दावे करती है, लेकिन हकीकत में लोगों को घंटों बिजली कटौती और पानी संकट का सामना करना पड़ रहा है।



