Bihar Politics: बिहार में आगामी विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारे पूरी तरह गरमा चुके हैं। मुख्यमंत्री Samrat Choudhary के दिल्ली दौरे से लौटते ही पटना में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि एनडीए (NDA) के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर अंतिम मुहर लगनी शुरू हो गई है।
दो दिवसीय दिल्ली दौरे के बाद पटना लौटते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मिलने उनके 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक अहम बातचीत हुई। हालांकि, सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए दोनों ही नेताओं ने इसे महज एक ‘शिष्टाचार मुलाकात’ बताया है, लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस मुलाकात का असली एजेंडा आगामी एमएलसी चुनाव की रणनीति तय करना था।
10 सीटों पर चुनाव, निशांत कुमार और दीपक प्रकाश का नाम लगभग तय: Bihar Politics
बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव और उपचुनाव के लिए एनडीए ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, इन 10 सीटों में से दो नाम पूरी तरह कन्फर्म माने जा रहे हैं, नीतीश कुमार के बेटे और वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का जेडीयू कोटे से उम्मीदवार बनना तय है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को भी एनडीए का प्रत्याशी बनाया जा रहा है। चर्चा है कि बीजेपी अपने समर्थन से यह सीट आरएलएम के खाते में दे सकती है।
बाकी 8 सीटों पर सस्पेंस और नए चेहरों की उम्मीद: Bihar Politics
जहां दो नाम तय हो चुके हैं, वहीं बाकी बचे 8 प्रत्याशियों के नामों पर अब भी सस्पेंस बरकरार है। माना जा रहा है कि बीजेपी इस बार कई नए चेहरों को मौका देकर चौंका सकती है। वहीं जेडीयू अपनी सीटों पर जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश में है। इसके अलावा, चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) के खाते में भी एक सीट जाने की प्रबल संभावना है।
जून में होना है मतदान: जानिए पूरा शेड्यूल: Bihar Politics
बिहार विधान परिषद की इन सीटों पर अगले महीने चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसका पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है
-
नामांकन की शुरुआत: 1 जून
-
मतदान की तारीख: 18 जून
-
सीटों का गणित: खाली हो रही 10 सीटों में से 9 सीटों पर सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है (ये सभी विधानसभा कोटे की सीटें हैं)। वहीं, 1 सीट पर उपचुनाव होना है, जो नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और उनके इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
विधानसभा का संख्याबल: एनडीए का पलड़ा भारी
बिहार विधानसभा में मौजूद मौजूदा संख्याबल को देखा जाए तो इन 10 सीटों में से 9 सीटों पर एनडीए (NDA) की जीत पूरी तरह पक्की मानी जा रही है। वहीं, आरजेडी (RJD) के नेतृत्व वाले विपक्षी महागठबंधन के खाते में महज 1 सीट जाने की उम्मीद है।
