Jharkhand Vidhan Sabha में 19 साल बाद भाजपा विधायकों के साथ बैठे बाबूलाल मरांडी, चंपाई सोरेन बने साथी
admin
Ranchi: झारखंड की छठी विधानसभा (Jharkhand Vidhan Sabha) के पहले सत्र में सोमवार को नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिले।
19 साल के लंबे अंतराल के बाद बाबूलाल मरांडी भाजपा विधायकों के साथ सदन में बैठे। वहीं, पहली बार भाजपा के साथ चंपाई सोरेन की उपस्थिति भी दर्ज हुई।
Jharkhand Vidhan Sabha: बाबूलाल और चंपाई की नई जोड़ी
पांचवीं विधानसभा में बाबूलाल मरांडी झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के विधायक के तौर पर पहुंचे थे, लेकिन भाजपा में शामिल होने के बावजूद उन्हें भाजपा विधायकों के साथ बैठने की अनुमति नहीं थी। 2005 तक, जब वे भाजपा के सदस्य थे, उन्होंने भाजपा के साथ कार्य किया। इस बार, छठी विधानसभा में बाबूलाल और चंपाई सोरेन अगल-बगल बैठते नजर आएंगे।
Jharkhand Vidhan Sabha: नंगे पांव पहुंचे जयराम महतो, जताई जनता की उम्मीदों की जिम्मेदारी
जेएलकेएम विधायक जयराम महतो बिना जूते-चप्पल के विधानसभा पहुंचे। उन्होंने सदन को मंदिर के समान बताते हुए कहा कि झारखंड की जनता ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वह सदन में हमेशा जनता के मुद्दे मजबूती से उठाएंगे और युवाओं के हक की लड़ाई लड़ेंगे।
रांची के विधायक सीपी सिंह ने सातवीं बार विधानसभा पहुंचने पर कहा कि उनका संकल्प बचपन से ही अडिग रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अब विधानसभा का चुनाव आठवीं बार नहीं लड़ेंगे।
Jharkhand Vidhan Sabha: इस सत्र में नहीं चुना जाएगा नेता प्रतिपक्ष
छठी विधानसभा के पहले सत्र में नेता प्रतिपक्ष का चयन नहीं हो पाएगा। भाजपा के विधायक दल के नेता की नियुक्ति अभी लंबित है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी जल्द ही बैठक कर विधायक दल के नेता का चयन करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सदन में अपनी भूमिका पूरी ताकत के साथ निभाएगी।