JSSC भर्ती प्रक्रिया पर सवाल: नियुक्ति में लग रहे 3-4 साल, टुकड़ों में रिजल्ट और कटऑफ के इंतजार से अभ्यर्थी परेशान
Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं में शामिल हजारों अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया लंबी होती जा रही है। कई नियुक्तियों में विज्ञापन जारी होने से लेकर नियुक्ति तक तीन से चार साल का समय लग रहा है। वहीं, कई परीक्षाओं में रिजल्ट जारी होने के बाद भी कटऑफ और प्राप्तांक सार्वजनिक नहीं किए जाने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ रही है।
JSSC की विभिन्न नियुक्ति प्रक्रियाओं की स्थिति पर नजर डालने से पता चलता है कि कई परीक्षाओं में रिजल्ट अलग-अलग चरणों में जारी किए जा रहे हैं। कुछ मामलों में नियुक्ति पत्र बांटे जाने के बाद भी अतिरिक्त रिजल्ट जारी किए गए हैं। वहीं, कई अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन, बायोमीट्रिक मिलान और अन्य प्रक्रियाओं के कारण परिणाम लंबित हैं।
तीन से चार साल में पूरी हो रही नियुक्ति प्रक्रिया
JSSC की कई नियुक्ति परीक्षाओं में विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक लंबा समय लग रहा है। अभ्यर्थियों को पहले आवेदन, फिर परीक्षा, रिजल्ट, प्रमाण पत्र सत्यापन और इसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया का इंतजार करना पड़ता है।
कई मामलों में नियुक्ति के बाद भी प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। इससे अभ्यर्थियों के बीच परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और समयबद्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
रिजल्ट के साथ कटऑफ नहीं होने से बढ़ी परेशानी
JSSC की कई परीक्षाओं में रिजल्ट जारी होने के बावजूद कटऑफ और अभ्यर्थियों के प्राप्तांक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। इससे सफल और असफल अभ्यर्थियों को अपने प्रदर्शन का स्पष्ट आकलन करने में परेशानी होती है।
आयोग की ओर से कई रिजल्ट के साथ यह भी बताया गया है कि आवश्यक प्रमाण पत्रों की अनुपलब्धता, दस्तावेजों में अस्पष्टता या बायोमीट्रिक मिलान की पुष्टि नहीं होने के कारण कुछ अभ्यर्थियों के परिणाम लंबित रखे गए हैं। संबंधित दस्तावेज मिलने और विभागीय मार्गदर्शन के बाद इन परिणामों में संशोधन की संभावना जताई गई है।
महिला पर्यवेक्षिका भर्ती में रिजल्ट के एक साल बाद भी कटऑफ का इंतजार
महिला पर्यवेक्षिका नियुक्ति परीक्षा का रिजल्ट 14 अगस्त 2025 को जारी किया गया था। इसके बाद 313 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा समाज कल्याण विभाग से की गई। इनमें 61 अभ्यर्थी जांच के दायरे में बताए गए हैं।
कई अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है, लेकिन प्रक्रिया अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। वहीं, 131 पदों का रिजल्ट लंबित बताया गया है।
भर्ती की टाइमलाइन:
- विज्ञापन: सितंबर 2023
- परीक्षा: सितंबर 2024
- प्रमाण पत्र सत्यापन: मई-जून 2025
- रिजल्ट: अगस्त 2025
- नियुक्ति पत्र वितरण: अप्रैल-मई 2026
- स्थिति: नियुक्ति प्रक्रिया अभी पूरी तरह समाप्त नहीं
जूनियर इंजीनियर भर्ती में पहले पेपर लीक, फिर दोबारा परीक्षा
JSSC की जूनियर इंजीनियर भर्ती प्रक्रिया भी लंबी खिंच गई। वर्ष 2021 में झारखंड डिप्लोमा स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की प्रक्रिया शुरू हुई थी। वर्ष 2022 में परीक्षा आयोजित हुई, लेकिन प्रश्न पत्र लीक होने के बाद इसे रद्द करना पड़ा।
इसके बाद वर्ष 2023 में 1,562 पदों के लिए दोबारा प्रक्रिया शुरू की गई। सितंबर-अक्टूबर 2023 में परीक्षा हुई और मार्च 2024 से रिजल्ट जारी होने लगा। इसके बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर कुछ अभ्यर्थी अदालत पहुंचे हैं।
माध्यमिक सहायक आचार्य: नियुक्ति की अनुशंसा, लेकिन कटऑफ का इंतजार
प्लस टू स्कूलों में 1,373 पदों के लिए आयोजित माध्यमिक सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा में भी रिजल्ट चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है।
JSSC की ओर से अब तक करीब 850 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा शिक्षा विभाग से की जा चुकी है। हालांकि, विषयवार कटऑफ अभी तक जारी नहीं हुआ है। वहीं, 500 से अधिक पदों पर रिजल्ट लंबित बताया गया है।
26 हजार सहायक आचार्य भर्ती में बार-बार बदला रिजल्ट
26 हजार सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा की प्रक्रिया भी लंबे समय से चल रही है। वर्ष 2023 में विज्ञापन जारी हुआ और 2024 में परीक्षा आयोजित की गई। जुलाई 2025 से रिजल्ट जारी होने शुरू हुए।
इसके बाद कई बार रिजल्ट में संशोधन और अतिरिक्त परिणाम जारी किए गए। अगस्त 2025, नवंबर 2025 और दिसंबर 2025 में भी अलग-अलग चरणों में परिणाम जारी हुए। मार्च 2026 में अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया गया।
इस भर्ती प्रक्रिया में नियुक्ति के बाद भी कानूनी प्रक्रिया जारी रही और जनवरी 2026 में अदालत के आदेश के बाद कटऑफ जारी किया गया।
उत्पाद सिपाही भर्ती में तीन साल बाद भी फाइनल रिजल्ट का इंतजार
झारखंड में 583 उत्पाद सिपाही पदों पर भर्ती के लिए वर्ष 2023 में प्रक्रिया शुरू हुई थी। शारीरिक दक्षता परीक्षा 2024 में हुई और उसका रिजल्ट 2025 में जारी किया गया।
इसके बाद 12 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई। जुलाई 2026 में मेडिकल जांच की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक फाइनल रिजल्ट जारी नहीं हुआ है।
भर्ती प्रक्रिया में देरी से अभ्यर्थियों में बढ़ रही नाराजगी
JSSC की इन नियुक्ति प्रक्रियाओं से साफ है कि कई भर्तियां वर्षों से अलग-अलग चरणों में चल रही हैं। रिजल्ट में बार-बार बदलाव, अतिरिक्त परिणाम, लंबित अभ्यर्थियों की स्थिति और कटऑफ सार्वजनिक करने में देरी से अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ रही है।
ऐसे में अब अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध हो, रिजल्ट और कटऑफ पारदर्शी तरीके से जारी किए जाएं और पूरी नियुक्ति प्रक्रिया के लिए स्पष्ट कैलेंडर का पालन किया जाए।
