
रांची जनता दरबार में DC सख्त: राजस्व मामलों में लापरवाही पर 2 CO समेत कई अधिकारियों को शोकॉज
Ranchi: रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने राजस्व मामलों में लापरवाही, अनावश्यक देरी और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में भूमि विवाद, म्यूटेशन, पंजी-2 में सुधार, राशन कार्ड, अबुआ आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और चिकित्सा सहायता से जुड़े मामलों की सबसे अधिक शिकायतें सामने आईं।
म्यूटेशन में देरी पर सोनाहातू CO को शोकॉज
सोनाहातू के एक ग्रामीण ने शिकायत की कि न्यायालय और भूमि सुधार विभाग से अनुमति मिलने के बावजूद उनका म्यूटेशन नहीं किया गया।
मामले को गंभीर मानते हुए उपायुक्त ने सोनाहातू अंचलाधिकारी (CO) को शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया। वहीं पंजी-2 में सुधार के मामले में अनावश्यक देरी की शिकायत पर सोनाहातू के राजस्वकर्मी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक वंकीम चंद्र गांगुली को भी शोकॉज करने और मामले की जांच कराने के आदेश दिए।
तमाड़ के अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश
जनता दरबार में तमाड़ के एक व्यक्ति ने सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद राजस्व कार्य लंबित रहने की शिकायत की।
इस पर उपायुक्त ने तमाड़ अंचल निरीक्षक और संबंधित राजस्व कर्मचारी को भी शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया।
भूमि विवादों के समाधान के लिए दिए निर्देश
इटकी की एक महिला ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर कथित कब्जे की शिकायत की। उपायुक्त ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं, चान्हो प्रखंड के बयासी गांव से आए ग्रामीणों के भूमि विवाद के समाधान के लिए ग्रामसभा आयोजित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बीमार बच्चे के इलाज में मदद का आश्वासन
जनता दरबार में एक व्यक्ति ने एम्स, नई दिल्ली में इलाज करा रहे अपने बच्चे के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।
उपायुक्त ने तत्काल सिविल सर्जन से बात कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
ऑटिज्म पीड़ित बच्चे की शिक्षा के लिए पहल
एक दंपति अपने ऑटिज्म से पीड़ित बच्चे की शिक्षा और देखभाल के लिए सहायता मांगने जनता दरबार पहुंचा।
इस पर उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को बच्चे को संस्थागत शिक्षा से जोड़ने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
अपात्र राशन कार्डधारियों से कार्ड सरेंडर करने की अपील
राहे प्रखंड के एक युवक ने स्वेच्छा से अपना गुलाबी राशन कार्ड सरेंडर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने जिले के सभी अपात्र राशन कार्डधारियों से अपील की कि वे भी स्वेच्छा से अपने राशन कार्ड सरेंडर करें, ताकि पात्र और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
“लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं”
जनता दरबार के अंत में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि आम लोगों के कार्यों में अनावश्यक देरी, लापरवाही, भ्रष्टाचार और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध तरीके से लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


