HeadlinesJharkhandStatesTrending

JSSC CGL Paper Leak: CID ने कोडरमा से राजेश यादव समेत दो को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी

JSSC-CGL पेपर लीक मामला: CID की कोडरमा में छापेमारी, राजेश यादव और संदीप कुमार हिरासत में

JSSC-CGL पेपर लीक मामला: CID की कोडरमा में छापेमारी, दो हिरासत में

Koderma: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक मामले की जांच कर रही CID की SIT ने कोडरमा जिले में देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने राजेश यादव और संदीप कुमार समेत दो युवकों को हिरासत में लिया

जानकारी के मुताबिक, दोनों को पूछताछ के लिए रांची लाया गया है, जहां CID कार्यालय में उनसे पूछताछ की जा रही है।

डोमचांच और बरसोतियाबार में हुई कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, CID की टीम गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात कोडरमा पहुंची। टीम ने सबसे पहले डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में कार्रवाई की, जहां से राजेश यादव और संदीप कुमार को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है।

इसके बाद टीम ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के बरसोतियाबार में भी छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या और उनकी भूमिका को लेकर CID की ओर से अभी आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, JSSC-CGL परीक्षा धांधली मामले में पहले पकड़े गए आरोपियों और कथित बिचौलियों से पूछताछ के दौरान कोडरमा के कुछ लोगों के नाम जांच एजेंसी के सामने आए थे।

बताया जा रहा है कि पूछताछ और रिमांड के दौरान इन युवकों के कथित तौर पर परीक्षा से जुड़े नेटवर्क के लोगों के संपर्क में होने की जानकारी मिली। इसी आधार पर CID की टीम ने कोडरमा में कार्रवाई की।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हिरासत में लिए गए युवकों की मामले में वास्तविक भूमिका क्या थी। वे कथित तौर पर प्रश्नपत्र की खरीद-बिक्री, परीक्षार्थियों को परीक्षा में मदद पहुंचाने या आर्थिक लेन-देन से जुड़े थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

CID पूछताछ से सामने आ सकती है नेटवर्क की कड़ियां

CID की SIT अब हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका संपर्क किन लोगों से था और JSSC-CGL परीक्षा में कथित धांधली से जुड़े नेटवर्क में उनकी क्या भूमिका रही।

पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य संदिग्धों और कथित बिचौलियों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

कोडरमा में कार्रवाई के बाद बढ़ी हलचल

JSSC-CGL मामले की जांच कोडरमा तक पहुंचने और देर रात हुई CID की कार्रवाई के बाद जिले में हलचल बढ़ गई है। परीक्षा से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क और बिचौलियों पर जांच एजेंसी की नजर होने की बात कही जा रही है।

फिलहाल, हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है। उनकी गिरफ्तारी होगी या नहीं और मामले में उनकी कथित भूमिका क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button