बांकीपुर उपचुनाव 2026: RJD ने रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार, कांग्रेस नाराज; BJP में नील रतन घोष आगे, PK को कोर्ट का नोटिस
पटना की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव 2026 में RJD ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया।
admin
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस सीट से रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। रेखा गुप्ता ने पिछले विधानसभा चुनाव में भी राजद के टिकट पर इसी सीट से चुनाव लड़ा था।
उधर, उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही महागठबंधन में सीट को लेकर खींचतान भी सामने आ गई है। कांग्रेस ने बांकीपुर को अपनी पारंपरिक सीट बताते हुए इस पर दावा जताया है, जबकि राजद अपने फैसले पर कायम है।
कांग्रेस और RJD आमने-सामने
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बांकीपुर सीट पर पार्टी का ऐतिहासिक दावा रहा है और विपक्ष को साझा उम्मीदवार उतारना चाहिए। वहीं, राजद का तर्क है कि 2020 विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से उसके प्रत्याशी ने चुनाव लड़ा था, इसलिए इस बार भी उम्मीदवार उतारने का अधिकार उसी का है।
प्रशांत किशोर लड़ेंगे चुनाव, कोर्ट ने जारी किया नोटिस
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी बांकीपुर उपचुनाव में उम्मीदवार होंगे। हालांकि चुनावी मैदान में उतरने से पहले उन्हें एक कानूनी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। भाजपा सांसद संजय जायसवाल द्वारा दायर मानहानि मामले में अदालत ने प्रशांत किशोर को 28 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का नोटिस जारी किया है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने जानबूझकर एक कठिन सीट चुनी है और उनका उद्देश्य बिहार की राजनीति को जाति और धर्म से ऊपर उठाकर विकास के मुद्दे पर ले जाना है।
BJP में नील रतन घोष सबसे आगे
भारतीय जनता पार्टी ने अभी अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार नील रतन घोष (नीलू दा) का नाम सबसे आगे चल रहा है। वे लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं और केंद्रीय मंत्री नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं।
इसके अलावा भाजपा में अजय आलोक का नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल है।
अन्य उम्मीदवार
RJD: रेखा गुप्ता
जन सुराज: प्रशांत किशोर
जनशक्ति जनता दल: वीणा मानवी
BJP: उम्मीदवार की घोषणा बाकी (नील रतन घोष सबसे आगे)