HeadlinesNationalTrending

तमिलनाडु में विजय के CM बनने का रास्ता साफ, TVK को मिला बहुमत

TVK समर्थकों में जश्न, विजय के मुख्यमंत्री बनने की तैयारी तेज

विजय के CM बनने का रास्ता साफ, TVK को CPI-CPI(M) और VCK का समर्थन

विजय के तमिलनाडु का अगला मुख्यमंत्री बनने की संभावना अब लगभग तय मानी जा रही है। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को अब कांग्रेस के बाद CPI, CPI(M) और VCK का भी समर्थन मिल गया है।

सूत्रों के अनुसार विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने भी विजय को समर्थन देने पर सहमति जता दी है। इसके साथ ही सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा पूरा हो गया है।

TVK के पास पहुंचे 118 विधायक

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीते हैं, ऐसे में उन्हें एक सीट छोड़नी होगी।

सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों की जरूरत थी। कांग्रेस के 5 विधायक पहले ही TVK को समर्थन दे चुके थे। अब CPI, CPI(M) और VCK के 2-2 विधायकों के समर्थन के बाद यह संख्या 118 तक पहुंच गई है।

लगातार तीसरे दिन राज्यपाल से मिल सकते हैं विजय

जानकारी के मुताबिक विजय आज लगातार तीसरे दिन राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले वे 6 और 7 मई को भी राज्यपाल से मिले थे।

6 मई को विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन उस समय उनके पास 113 विधायकों का समर्थन था। इसके बाद राज्यपाल ने उनसे बहुमत साबित करने को कहा था।

TVK समर्थकों का प्रदर्शन

शुक्रवार सुबह TVK समर्थकों ने गवर्नर हाउस के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी की। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।

पार्टी नेताओं का कहना है कि अगर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) मिलकर सरकार बनाने की कोशिश करते हैं, तो TVK के विधायक इस्तीफा दे सकते हैं।

स्टालिन ने राज्यपाल से की जल्द सरकार गठन की मांग

कार्यवाहक मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राज्यपाल से नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज करने की मांग की है।

स्टालिन ने कहा कि विधानसभा पहले ही भंग हो चुकी है और राज्य में जल्द नई सरकार बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है।

कांग्रेस समर्थन पर मणिशंकर अय्यर का हमला

इस बीच कांग्रेस के TVK को समर्थन देने पर वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने इसे अवसरवादी राजनीति करार दिया है।

तमिलनाडु की राजनीति में तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच अब सबकी नजर राज्यपाल के अगले फैसले और विजय के शपथ ग्रहण पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button