
झारखंड भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को दी बधाई, कहा- ‘सोनार बांग्ला’ का सपना होगा साकार
भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड नेता शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर झारखंड भाजपा में खुशी का माहौल है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
कोलकाता में केंद्रीय पर्यवेक्षक और गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।
आदित्य साहू बोले- ‘सोनार बांग्ला’ का सपना होगा पूरा
आदित्य साहू ने शुभेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए कहा कि यह क्षण देश के राजनीतिक इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा।
उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जिस राष्ट्रवादी और विकसित बंगाल की कल्पना की थी, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में साकार होगी।
आदित्य साहू ने विश्वास जताया कि “सोनार बांग्ला” का सपना अब जरूर पूरा होगा।
बाबूलाल मरांडी ने कहा- बंगाल में विकास का नया अध्याय शुरू होगा
बाबूलाल मरांडी ने शुभेंदु अधिकारी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए दौर में प्रवेश करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल को घुसपैठ और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का संकल्प और मजबूत होगा।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह का बयान
भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रसिद्ध कथन का जिक्र करते हुए कहा कि “अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।”
उन्होंने कहा कि आज पश्चिम बंगाल में भाजपा का कमल खिल चुका है और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
बंगाल में पहली बार BJP की सरकार
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार राज्य में सरकार बनाने का रास्ता साफ किया है। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अब शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने की तैयारी तेज हो गई है।



