
JTET-2026 की OMR शीट में गड़बड़ी का आरोप, अभ्यर्थियों ने विधायक विक्सल कोंगाड़ी को सौंपा ज्ञापन
रांची: JTET-2026 परीक्षा में कथित तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी आवाज उठाई है। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC), रांची परिसर में कोलेबिरा विधायक विक्सल कोंगाड़ी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि JTET-2026 की OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) से संबंधित गड़बड़ी सामने आई है। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और प्रवेश पत्र (Admit Card) में भी कई तरह की त्रुटियों की शिकायत की गई है।
किसी अभ्यर्थी का परिणाम प्रभावित नहीं हो: अभ्यर्थी
ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने मांग की कि परीक्षा से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों के कारण किसी भी परीक्षार्थी का परिणाम प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर न्यायसंगत समाधान निकालने की अपील की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि परीक्षा प्रक्रिया में किसी स्तर पर गलती हुई है, तो उसका खामियाजा परीक्षार्थियों को नहीं भुगतना चाहिए। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए संबंधित त्रुटियों को दूर किया जाना चाहिए।
विधायक ने JAC सचिव से की बातचीत
ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान विधायक विक्सल कोंगाड़ी ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। संघ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विधायक ने तत्काल JAC के सचिव से बातचीत कर समस्याओं के निराकरण और आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की।
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने विधायक के इस सहयोग के लिए आभार जताया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि तकनीकी और प्रशासनिक गलतियों की सजा अभ्यर्थियों को नहीं मिलनी चाहिए।
संघ ने दोहराया कि JTET-2026 से जुड़ी सभी शिकायतों का उचित समाधान किया जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित न हो।



