
भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे को लेकर तेज की तैयारी, जिम्मेदारियां बांटी गईं
रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 6 और 7 जून को होने वाले इस दौरे की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में व्यवस्था समिति की अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रमों, संगठनात्मक बैठकों और अन्य गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियों का बंटवारा भी किया गया।
“राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहला झारखंड दौरा”
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह नितिन नवीन का पहला झारखंड दौरा होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में इसे लेकर भारी उत्साह है और आम जनता के बीच भी सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष इस दौरे के दौरान कई सांगठनिक बैठकों, पार्टी कार्यक्रमों और गैर-राजनीतिक आयोजनों में हिस्सा लेंगे। यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का काम करेगा।
रांची से नितिन नवीन का खास जुड़ाव
अमर कुमार बाऊरी ने कहा कि नितिन नवीन का रांची और झारखंड से पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। उनका जन्म और शिक्षा-दीक्षा रांची में ही हुई है, इसलिए झारखंड उनके लिए नया नहीं है।
कई वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल
बैठक में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, सांसद मनीष जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, रोशनलाल चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह और रांची व रामगढ़ के जिला अध्यक्षों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
भाजपा अब इस दौरे को संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम मान रही है।



