
अकवान तूफान का खतरा! झारखंड में अब तक सिर्फ 25% धान की कटाई, किसानों से जल्द फसल समेटने की अपील
रांची: संभावित अकवान तूफान और मौसम में बदलाव की आशंका ने झारखंड के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इसे देखते हुए राज्य का कृषि विभाग सतर्क हो गया है। कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द धान की कटाई पूरी कर लें, ताकि संभावित बारिश और खराब मौसम से तैयार फसल को नुकसान न पहुंचे।
कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड में अब तक महज 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है। ऐसे में बड़ी मात्रा में धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है या कटाई के इंतजार में है। मौसम बिगड़ने की स्थिति में किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कटाई के बाद खुले में न छोड़ें धान
कृषि मंत्री ने किसानों को विशेष सलाह देते हुए कहा है कि धान की कटाई के बाद उसे खुले में न छोड़ें। फसल को तुरंत किसी सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखें, ताकि संभावित बारिश से उपज खराब न हो।
मंत्री ने कहा कि समय रहते सतर्कता बरतकर किसान अपनी महीनों की मेहनत को नुकसान से बचा सकते हैं। उन्होंने किसानों से धैर्य और तत्परता के साथ जरूरी कदम उठाने की अपील की है।
मौसम अपडेट पर रखें नजर, विभाग भी सतर्क
कृषि विभाग ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर किसानों के लिए आगे भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
विभाग की ओर से किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम संबंधी अपडेट पर ध्यान दें और अपनी उपज को सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव इंतजाम करें।



