राज्यसभा चुनाव पर सस्पेंस खत्म, इंडिया गठबंधन के दोनों उम्मीदवार सोमवार को भरेंगे नामांकन

56 विधायक एक मंच पर, राज्यसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन ने दिखाई ताकत

राज्यसभा चुनाव पर सस्पेंस खत्म: इंडिया गठबंधन ने दिखाई ताकत, बैजनाथ राम और प्रणव झा सोमवार को भरेंगे नामांकन

रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से जारी राजनीतिक अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में रविवार को हुई इंडिया गठबंधन की अहम बैठक के बाद सत्ता पक्ष ने एकजुटता का बड़ा संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राजद और वाम दलों के विधायक शामिल हुए। बैठक के बाद गठबंधन नेताओं ने स्पष्ट कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर किसी तरह का कोई मतभेद या भ्रम नहीं है और गठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए पूरी तरह एकजुट है।

56 विधायकों की मौजूदगी से दिया शक्ति प्रदर्शन

बैठक के दौरान इंडिया गठबंधन के कुल 56 विधायक मौजूद रहे। इसे गठबंधन की एकजुटता और मजबूती का बड़ा संकेत माना जा रहा है। हाल के दिनों में राजनीतिक गलियारों में गठबंधन के भीतर मतभेद और क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन बैठक में विधायकों की बड़ी मौजूदगी ने इन अटकलों को काफी हद तक खारिज कर दिया।

नेताओं ने कहा- गठबंधन में कोई भ्रम नहीं

बैठक के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और दोनों राज्यसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है।

वहीं, मंत्री संजय प्रसाद यादव ने भी कहा कि गठबंधन के सभी विधायक और सहयोगी दल मजबूती के साथ एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि मतभेद की बातें सिर्फ राजनीतिक अफवाहें हैं।

सोमवार को दाखिल होगा नामांकन

इंडिया गठबंधन ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है। गठबंधन के अधिकृत उम्मीदवार बैजनाथ राम और प्रणव झा सोमवार सुबह 11 बजे विधानसभा सचिवालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

नामांकन के दौरान गठबंधन के सभी विधायक मौजूद रहेंगे और उम्मीदवारों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसे चुनाव से पहले गठबंधन की राजनीतिक ताकत दिखाने के रूप में देखा जा रहा है।

चुनावी मुकाबले पर टिकी नजरें

राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में लगातार हलचल बनी हुई है। हालांकि इंडिया गठबंधन ने अपनी एकजुटता का दावा किया है, लेकिन चुनावी मैदान में बदलते समीकरणों के कारण सभी की नजरें अब नामांकन प्रक्रिया और आगामी मतदान पर टिकी हुई हैं।

Exit mobile version