झारखंड में 3.68 लाख युवाओं को नौकरी का ऑफर, कौशल विकास योजनाओं के आंकड़े जारी

झारखंड में कौशल विकास योजनाओं के तहत 3,68,141 युवाओं को नौकरी के ऑफर मिले।

झारखंड में 3.68 लाख युवाओं को मिला नौकरी का ऑफर, कौशल विकास योजनाओं के आंकड़े जारी

 

श्रम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 10.84 लाख से अधिक युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन, 7.28 लाख ने लिया प्रशिक्षण और 5.71 लाख हुए प्रमाणित

 

रांची। झारखंड में कौशल विकास और रोजगार सृजन की विभिन्न योजनाओं के तहत 3,68,141 युवाओं को नौकरी के ऑफर मिले हैं। श्रम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इन योजनाओं के तहत कुल 10,84,638 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। इनमें से 8,23,297 युवा नामांकित हुए और 7,28,807 युवाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

 

आंकड़ों के मुताबिक, प्रशिक्षण के बाद 6,00,256 युवाओं का मूल्यांकन किया गया। इनमें से 5,71,065 युवाओं को प्रमाणित किया गया। प्रमाणित युवाओं में 3,68,141 को कंपनियों की ओर से नौकरी के ऑफर मिले।

 

एक्सल योजना के तहत 3,069 युवाओं को जॉब ऑफर

 

एक्सल योजना के तहत कुल 12,015 युवाओं की करियर काउंसलिंग की गई। इसके बाद 10,787 युवाओं ने नामांकन कराया और 9,272 ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। योजना के तहत 6,896 युवाओं का मूल्यांकन किया गया, जिनमें से 6,403 को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस योजना के माध्यम से 3,069 युवाओं को नौकरी के ऑफर मिले।

 

दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना से 2.16 लाख को ऑफर

 

दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत 4,51,780 युवाओं की काउंसलिंग की गई। इनमें से 4,24,564 युवाओं ने विभिन्न ट्रेडों में नामांकन कराया। कुल 3,88,298 युवाओं ने प्रशिक्षण पूरा किया।

 

प्रशिक्षण के बाद 3,35,345 युवाओं का मूल्यांकन हुआ और 3,19,442 युवाओं को प्रमाणित किया गया। इस योजना के तहत 2,16,563 युवाओं को कंपनियों की ओर से नौकरी के ऑफर मिले।

 

एसजेकेवीवाई योजना से 1.16 लाख युवाओं को रोजगार के प्रस्ताव

 

एसजेकेवीवाई योजना के तहत 2,84,066 युवाओं की काउंसलिंग की गई। इसमें 2,74,546 युवाओं का नामांकन हुआ और 2,45,491 ने प्रशिक्षण पूरा किया। योजना के तहत 1,94,020 युवाओं का मूल्यांकन किया गया, जिनमें से 1,84,317 युवाओं को प्रमाण-पत्र मिला। इस योजना के माध्यम से 1,16,448 युवाओं को रोजगार के प्रस्ताव मिले।

 

बिरसा योजना के तहत 32,061 युवाओं को नौकरी के ऑफर

 

बिरसा योजना के तहत 1,24,629 युवाओं की काउंसलिंग की गई और 1,08,572 युवाओं ने नामांकन कराया। इनमें से 81,293 युवाओं ने तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण पूरा किया।

 

प्रशिक्षण के बाद 63,622 युवाओं का मूल्यांकन किया गया और 60,530 युवाओं को प्रमाणित किया गया। योजना के तहत 32,061 युवाओं को उनके कौशल के आधार पर नौकरी के ऑफर मिले।

 

काउंसलिंग से प्लेसमेंट तक की प्रक्रिया

 

इन योजनाओं के आंकड़ों के अनुसार, युवाओं को करियर काउंसलिंग से लेकर प्रशिक्षण, मूल्यांकन और प्रमाणन के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई गई। कुल 10,84,638 पंजीकृत युवाओं में से 7,28,807 ने प्रशिक्षण प्राप्त किया और 3,68,141 युवाओं को नौकरी के ऑफर मिले।

↑
Exit mobile version