मोदी ट्रंप के सामने झुक गए’ बयान पर Jharkhand Vidhansabha में बवाल, विपक्ष का प्रदर्शन
मोदी ट्रंप के सामने झुक गए’ बयान पर विधानसभा में बवाल, विपक्ष का प्रदर्शन
admin
Ranchi: बुधवार को विधानसभा (Jharkhand Vidhansabha) में सत्ता पक्ष के कुछ विधायकों द्वारा कथित रूप से दिए गए ‘भारत विरोधी’ बयान को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया।
भाजपा विधायकों ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए संसदीय कार्य मंत्री के बयान को सदन की कार्यवाही से स्पंज (हटाने) की मांग की। हालांकि, संसदीय कार्य मंत्री ने न केवल इस मांग को खारिज किया, बल्कि अपने बयान को दोहराते हुए और भी तीखा हमला बोला।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घुटने टेक चुके हैं और देश खतरे में है। मंत्री के इस बयान पर विपक्ष और खासकर भाजपा विधायक भड़क उठे और इसे देश का अपमान बताते हुए सदन में कड़ा विरोध दर्ज कराया।
भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि ईरान के जहाज को भारतीय सीमा में डुबोए जाने की जो बात कही जा रही है, वह तथ्यात्मक रूप से गलत है। उनका कहना था कि वह जहाज भारतीय सीमा में नहीं बल्कि श्रीलंका की समुद्री सीमा में डूबा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सत्ता पक्ष के कुछ विधायक बिना तथ्य के कहानियां गढ़कर सदन को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल, मंगलवार को मंत्री इरफान अंसारी और विधायक दीपिका पांडे ने आरोप लगाया था कि ईरान का जहाज भारतीय सीमा में डुबोया गया है। इसी बयान को लेकर बुधवार को सदन में बहस और टकराव तेज हो गया।
भाजपा विधायक नवीन जायसवाल बार-बार स्पीकर से मांग कर रहे थे कि सदन में दिए गए कथित ‘भारत विरोधी’ बयानों को कार्यवाही से हटाया जाए। लेकिन संसदीय कार्य मंत्री ने इस मांग का विरोध किया।
इस पर भाजपा के कई विधायक आक्रोशित हो गए और विरोध जताते हुए वेल में पहुंच गए। इसके बाद सदन में जोरदार नारेबाजी और हंगामा शुरू हो गया। स्थिति को बिगड़ता देख स्पीकर को हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सदन का माहौल काफी गर्म हो गया है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी यह मुद्दा राजनीतिक रूप से गरमाया रह सकता है।