रामगढ़-बोकारो मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 7 लोगों की मौत; CM हेमंत सोरेन ने जताया शोक
Ramgarh: झारखंड के रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लारी-बरलौंग के पास उस समय हुआ, जब कोयला लदे एलपी ट्रक और पिकअप सवारी वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
CM हेमंत सोरेन ने जताया शोक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद है।
उन्होंने कहा कि “मरांग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति दें।”
ताशा पार्टी के सदस्य थे पिकअप में सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार लोग एक ताशा पार्टी (बैंड-बाजा दल) के सदस्य थे, जो गोला से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
छह मृतक एक ही गांव के
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छह लोग मारंग मर्चा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक अन्य मृतक स्थानीय समाजसेवी थे।
कई घायल, एक की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की संभावना है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

