राज्यसभा चुनाव 2026: मतदान समाप्त, अब नतीजों का इंतजार; दूसरी सीट पर प्रणव झा और परिमल नाथवानी में कांटे की टक्कर
Ranchi: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह 9 बजे शुरू हुई वोटिंग प्रक्रिया में सभी विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्यसभा चुनाव में इस बार तीन उम्मीदवार मैदान में होने के कारण दूसरी सीट का मुकाबला बेहद दिलचस्प और रोमांचक बन गया है। जहां झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है, वहीं दूसरी सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
मतदान समाप्त होने के साथ ही अब सभी की निगाहें शाम को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। चुनाव परिणाम आज ही घोषित किए जाएंगे।
मतदान के दौरान क्या-क्या हुआ, पढ़िए प्रमुख अपडेट
बैद्यनाथ राम का दावा- नाथवानी खाली हाथ लौटेंगे
सुबह विधानसभा परिसर पहुंचे झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने परिमल नाथवानी पर तंज कसते हुए कहा कि वे जिस अंदाज में आए हैं, उसी तरह शाम को वापस लौट जाएंगे।
एनडीए ने दिखाई एकजुटता
एनडीए के विधायक होटल से सीधे बस के जरिए विधानसभा पहुंचे। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘जय जगन्नाथ’ के नारों से परिसर गूंज उठा। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने दावा किया कि परिमल नाथवानी आसानी से जीत का आंकड़ा पार कर लेंगे। वहीं भाजपा नेता भानू प्रताप शाही ने नाथवानी को 35 से 36 वोट मिलने का दावा किया।
महागठबंधन ने जताया भरोसा
झामुमो नेता मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सभी विधायक साथ हैं। उन्होंने कहा कि परिमल नाथवानी को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा विधायकों में दिखा उत्साह
मतदान के बाद भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर ने ‘जय श्रीराम, हो गया काम’ का नारा लगाकर जीत का भरोसा जताया। भाजपा मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने भी कहा कि एनडीए की रणनीति सफल रही है और परिणाम उनके पक्ष में आएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने डाला वोट
दोपहर 12:28 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मतदान किया। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने मतदान के बाद गठबंधन विधायकों से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
जयराम महतो बोले- झारखंड के हित में किया मतदान
विधायक जयराम महतो ने कहा कि उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद मतदान किया है। उन्होंने कहा कि उनका वोट उसी उम्मीदवार को गया है जो झारखंड के अधिकार, विकास और राज्यहित की आवाज संसद में मजबूती से उठाएगा।
शाम 5 बजे से मतगणना
निर्वाचन पदाधिकारी एवं विधानसभा सचिव रंजीत कुमार ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलते ही शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।
प्रदीप यादव का दावा- प्रणव झा की जीत तय
कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि चुनाव की पूरी रणनीति मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद संभाल रहे हैं और गठबंधन बेहद मजबूत स्थिति में है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की जीत सुनिश्चित है।
अर्जुन मुंडा ने जताया भरोसा
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा ने परिमल नाथवानी को पूरा समर्थन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कई विधायक दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर राज्यहित में मतदान करेंगे।
अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। कुछ ही घंटों में यह साफ हो जाएगा कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों पर कौन-कौन उम्मीदवार संसद के उच्च सदन तक पहुंचेंगे।
