HeadlinesJharkhandStatesTrending

भाजपा-कांग्रेस के प्रदर्शन से रांची में तीन घंटे जाम, हरमू रोड पर यातायात रहा ठप

भाजपा-कांग्रेस के प्रदर्शन से तीन घंटे जाम में फंसी राजधानी, हरमू रोड पर यातायात रहा ठप

रांची: भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान गुरुवार को राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हरमू रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के पास दोनों दलों के कार्यकर्ता और नेता आमने-सामने आ गए, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। हालांकि, सुबह करीब 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हरमू रोड पर लंबा जाम लगा रहा, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्कूल बसें और आम लोग घंटों जाम में फंसे

करीब तीन घंटे तक लगे जाम के कारण स्कूल बसें भी यातायात में फंस गईं। बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों समेत हजारों लोगों को लंबे समय तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा। कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

कई मार्गों पर किया गया ट्रैफिक डायवर्ट

पुलिस ने भाजपा कार्यालय के आगे करीब आधा किलोमीटर तक बैरिकेडिंग की थी। हरमू से अरगोड़ा चौक की ओर आने वाले वाहनों को धौनी के घर के पास से डायवर्ट किया गया। वहीं अरगोड़ा चौक से सहजानंद चौक जाने वाला मार्ग भी कुछ समय के लिए बंद रखा गया।

इसके अलावा डिबडीह पुल की ओर से हरमू बाइपास जाने वाले वाहनों को अशोक नगर और न्यू कडरू मार्ग से भेजा गया, जिससे इन इलाकों में भी यातायात का दबाव बढ़ गया।

आधा किलोमीटर चलने में लगे 30 मिनट

जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि लोगों को मात्र आधा किलोमीटर की दूरी तय करने में लगभग 30 मिनट लग गए। ट्रैफिक पुलिस लगातार व्यवस्था संभालने में जुटी रही, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण स्थिति सामान्य होने में समय लगा।

दोपहर करीब 2 बजे प्रदर्शन समाप्त होने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ और लोगों को राहत मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button