HeadlinesJharkhandStatesTrending

झारखंड में खुलेगा फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, सूचना भवन से होगी शुरुआत, युवाओं को मिलेगा फिल्ममेकिंग का प्रशिक्षण

युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

झारखंड में खुलेगा फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, सूचना भवन से होगी शुरुआत, युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

 

रांची: झारखंड में फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए बड़ी पहल की गई है। राज्य सरकार ने झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) की स्थापना की दिशा में शुरुआती प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल संस्थान की शुरुआत रांची स्थित सूचना भवन से की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में 22 जुलाई को झारखंड फिल्म एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच हुए एमओयू के बाद SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ सूचना भवन पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर संस्थान की स्थापना और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया गया।

 

शुरुआती चरण में शुरू होंगे शॉर्ट टर्म कोर्स

 

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, JFTI के पहले चरण में एक, दो, तीन और छह महीने की अवधि वाले शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे। इन कोर्सों में पार्ट-टाइम, फुल-टाइम और ईवनिंग क्लास की सुविधा रहेगी, ताकि विद्यार्थी और कामकाजी युवा अपनी सुविधा के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

 

फिल्म और मीडिया के सभी प्रमुख विषयों की मिलेगी ट्रेनिंग

 

SRFTI के तकनीकी सहयोग से संचालित होने वाले इन पाठ्यक्रमों में साउंड डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे झारखंड के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों जैसी गुणवत्ता वाली शिक्षा राज्य में ही उपलब्ध हो सकेगी।

 

मीडिया कर्मियों को भी मिलेगा प्रशिक्षण

 

SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता ने सुझाव दिया कि संस्थान पूरी तरह शुरू होने के बाद राज्य के पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के लिए भी अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया तकनीकों की जानकारी से मीडिया पेशेवरों की कार्यकुशलता और बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने शुरुआत फिल्म एप्रिशिएशन कोर्स से करने का सुझाव भी दिया।

 

संस्थान की स्थापना में देगा SRFTI तकनीकी सहयोग

 

समीरन दत्ता ने कहा कि SRFTI, झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के ब्लूप्रिंट तैयार करने, क्लासरूम डिजाइन, तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था और गेस्ट फैकल्टी के प्रशिक्षण सहित हर स्तर पर सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि यह संस्थान झारखंड के युवाओं के लिए नए अवसरों का द्वार खोलेगा और राज्य में फिल्म संस्कृति को बढ़ावा देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button