Ranchi – राजधानी रांची में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने शहर के अंदर चार नए फ्लाईओवर निर्माण का निर्णय लिया है, जिनका प्रारूप तैयार कर लिया गया है।
इन परियोजनाओं से शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
पथ निर्माण विभाग द्वारा तैयार प्रारूप के अनुसार, स्वर्णरेखा और हरमू नदी के दोनों ओर वन-वे फोरलेन फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। विभागीय मंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर यह योजना तैयार की गई है। बुधवार को पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने इन योजनाओं का अवलोकन किया।
Ranchi News: प्रस्तावित फ्लाईओवर की प्रमुख योजनाएं:
1. हरमू मुक्तिधाम से रेडिसन ब्लू तक वन-वे फ्लाईओवर (2.2 किमी)
हरमू नदी के दोनों किनारों पर एलिवेटेड वन-वे फ्लाईओवर बनेगा, जिससे कडरू और अशोक नगर का ट्रैफिक दबाव मुक्त होगा। नदी किनारे सौंदर्यीकरण और रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी।
2. अरगोड़ा चौक से चापूटोली तक फ्लाईओवर (1.75 किमी)
कटहल मोड़ होते हुए यह फ्लाईओवर 10 मीटर चौड़ा होगा। नीचे की सड़क को भी 7 मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिससे दोहरी सुविधा मिलेगी। ड्रेनेज और यूटिलिटी डक्ट की भी व्यवस्था की जाएगी।
3. कार्तिक उरांव चौक से एलपीएन शाहदेव चौक तक हरमू फ्लाईओवर (3 किमी)
इस फ्लाईओवर की दोनों लेन की चौड़ाई 8.5 मीटर होगी। फ्लाईओवर के नीचे सभी केबल और तार अंडरग्राउंड रहेंगे। इसमें यूटिलिटी डक्ट, ड्रेनेज सिस्टम, फुटपाथ और सौंदर्यीकरण शामिल है।
4. करमटोली से साइंस सिटी फ्लाईओवर और आगे रिंग रोड (2.2 किमी + 5 किमी)
करमटोली चौक से मोरहाबादी होते हुए साइंस सिटी तक फ्लाईओवर बनेगा। इसके आगे रिंग रोड तक पांच किमी लंबा फोर लेन सड़क भी प्रस्तावित है। फ्लाईओवर और सड़क दोनों की चौड़ाई 10-10 मीटर होगी।
Ranchi News: स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारों पर 8 किमी का एलिवेटेड फ्लाईओवर
हिनू ढलान से स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारों पर एलिवेटेड वन-वे फ्लाईओवर का प्रस्ताव है, जो होटल एमराल्ड के पास से शुरू होकर डीपीएस स्कूल के पीछे से होता हुआ जगन्नाथपुर मंदिर तक जाएगा। इस योजना में रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण भी शामिल है। फ्लाईओवर नयासराय होते हुए रिंग रोड से जुड़ेगा।
रिवर फ्रंट डेवलपमेंट और शहरी सौंदर्यीकरण भी होगा
हरमू और स्वर्णरेखा नदियों के किनारे रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना के तहत सौंदर्यीकरण किया जाएगा। नदी किनारे ग्रीन बेल्ट, लाइटिंग और पेड़-पौधों की व्यवस्था होगी। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर की खूबसूरती भी बढ़ेगी।
रांची में प्रस्तावित ये चार फ्लाईओवर और रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजनाएं न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करेंगी, बल्कि शहरी बुनियादी ढांचे को भी मजबूती देंगी। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है, जिससे कार्य प्रारंभ होने की दिशा में तेजी आएगी।
